सिलीगुड़ी में शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हुई दुर्गा पूजा, 255 हुड़दंगी गिरफ्तार
सिलीगुड़ी, 23 अक्टूबर (हि.स.)। सिलीगुड़ी में इस साल दुर्गा पूजा भारी सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की कड़ी मुस्तैदी के बीच बेहद शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न हुई। चार दिनों तक चले इस महापर्व के दौरान शहर में किसी भी बड़ी अप्रिय घटना की खबर सामने नहीं आई, जिससे सिलीगुड़ी वासियों ने बिना किसी बाधा के देर रात तक अपने परिवारों के साथ पंडालों में घूमकर पर्व का पूरा आनंद उठाया।
इस बार कानून व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने व्यापक तैयारियां की थी।
शहर की सुरक्षा के लिए दो हजार पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था, जिनकी निगरानी के लिए एसपी रैंक के विशेष अधिकारी भी मुस्तैद रहे। इसके साथ ही पूरे शहर पर आकाश से नाइट विजन कैमरों के जरिए पैनी नजर रखी गई। पूजा पंडालों और दर्शनार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस कमिश्नर सैयद वकार रजा और डीसीपी खुद पुलिसकर्मियों के साथ देर रात बाइक से शहर में गश्त करते नजर आए। महिलाओं की सुरक्षा के लिए 'विनर्स' दस्ता और 'पिंक पेट्रोलिंग वैन' लगातार शहर में सक्रिय रही।
पंडालों की भारी भीड़ में छिनतई, छेड़खानी और हुड़दंग पर अंकुश लगाने के लिए सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस की विशेष 'एंटी पिक-पॉकेट टीम' ने कड़ी निगरानी रखी थी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन के सात थानों की पुलिस ने पूजा के इन चार दिनों में माहौल बिगाड़ने, महिलाओं व लड़कियों से छेड़खानी करने तथा शराब पीकर हंगामा या मारपीट करने वाले करीब 255 हुड़दंगियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाया, ताकि आम लोग सुरक्षित माहौल में उत्सव मना सकें। हालांकि, चाक-चौबंद व्यवस्था के बावजूद पूजा के दौरान शहर में आठ सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें तीन लोगों की दुर्भाग्यपूर्ण मौत भी हुई।
इन कुछ घटनाओं को छोड़ दिया जाए, तो पुलिस की कड़ी चौकसी, सख्त प्रशासनिक व्यवस्था और मुस्तैदी के चलते इस बार सिलीगुड़ी में दुर्गा पूजा पूरी तरह शांतिपूर्ण, सुरक्षित और उल्लासपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

