सिलीगुड़ी में ईवीएम खराबी से मतदान प्रभावित
सिलीगुड़ी, 23 अप्रैल (हि. स.)। त्योहार जैसे माहौल में मतदान करने निकले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। गुरुवार सुबह से ही शहर के कई बूथों पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में तकनीकी खराबी की खबर सामने आई है, जिसके कारण मतदाताओं को लंबी लाइन में खड़े रहने के बावजूद वोट नहीं डाल पाने से नाराजगी देखने को मिली।
सिलीगुड़ी विधानसभा के अंतर्गत मार्गरेट स्कूल के बूथ नंबर 31 पर सुबह आठ बजे तक भी मतदान शुरू नहीं हो सका था। सूचना मिलते ही भाजपा उम्मीदवार शंकर घोष मौके पर पहुंचे, वोटरों से बातचीत की और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने तुरंत एसडीओ से फोन पर संपर्क कर जल्द समाधान की मांग की।
वहीं, सिलीगुड़ी के रामकृष्ण पाठशाला (बूथ 26/235) में मॉक पोल के दौरान ही ईवीएम मशीन खराब हो गई, जिससे मतदान प्रक्रिया शुरू होने में काफी देर हुई। बताया जा रहा है कि नई ईवीएम मशीन लाई गई, जिसके बाद ही मतदान शुरू हो पाएगा।
इसके अलावा, जगदीश हाई स्कूल के एक बूथ पर भी ईवीएम खराब होने की सूचना मिली थी। तेज गर्मी में लंबी कतारों में खड़े रहने के कारण खासकर बुजुर्ग मतदाताओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालांकि चुनाव आयोग की ओर से मशीनों को जल्द ठीक करने या बदलने का काम कर दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

