home page

दुर्गापुर स्टील अस्पताल में फिर टूटी फॉल्स सीलिंग, बाल-बाल बचे डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी

 | 
दुर्गापुर स्टील अस्पताल में फिर टूटी फॉल्स सीलिंग, बाल-बाल बचे डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी


दुर्गापुर, 25 नवंबर (हि. स.)। दुर्गापुर स्टील अस्पताल में कक्षों की ओर जाने वाले कॉरिडोर की फॉल्स सीलिंग अचानक भरभराकर गिर पड़ी। इस घटना में ड्यूटी पर तैनात नर्स, चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी बाल-बाल बच गए। घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा और रखरखाव व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। अस्पताल के जर्जर बुनियादी ढांचे के विरोध में बुधवार सुबह से ही इंटक समर्थित हिंदुस्तान स्टील वर्कर्स यूनियन के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन शुरू हुआ।

यूनियन के महासचिव रजत दीक्षित और इंटक के जिलाध्यक्ष सुभाष साहा के नेतृत्व में संगठन के सदस्यों ने प्रदर्शन में हिस्सा लिया। आरोप है कि मंगलवार को दुर्गापुर स्टील अस्पताल के कक्षों की ओर जाने वाले कॉरिडोर में अचानक फॉल्स सीलिंग गिर गई। स्टील चैनल सहित सीलिंग का पूरा ढांचा टूटकर नीचे आ गिरा। इससे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। उस समय वहां ड्यूटी पर मौजूद स्वास्थ्यकर्मी बाल-बाल बच गए। वहीं, मरीजों और उनके परिजनों में भी दहशत फैल गई।

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही इसी अस्पताल में कांच का ढांचा टूटकर गिरने से दो मरीज घायल हो गए थे। उस घटना का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि फॉल्स सीलिंग गिरने की एक और घटना सामने आ गई। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने अस्पताल के बुनियादी ढांचे की सुरक्षा और रखरखाव व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

प्रदर्शनकारियों ने सवाल उठाया कि बार-बार ऐसी घटनाएं होने के बावजूद अस्पताल प्रबंधन की ओर से उचित रखरखाव की व्यवस्था क्यों नहीं की जा रही है।

इंटक समर्थित हिंदुस्तान स्टील वर्कर्स यूनियन के महासचिव रजत दीक्षित ने आरोप लगाया कि अस्पताल के कई विभागों के निजीकरण की दिशा में उठाए जा रहे कदमों के कारण स्वास्थ्य सेवाओं और बुनियादी ढांचे के रखरखाव में लापरवाही बढ़ रही है। उन्होंने अस्पताल में टेंडर प्राप्त करने वाली एजेंसी के खिलाफ भी नाराजगी जताई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा