पश्चिम बंगाल में मौसम शुष्क, सुबह और रात में बढ़ी ठंड
कोलकाता, 29 नवंबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में नवंबर के अंतिम दिनों में ठंड का असर बढ़ने लगा है। रविवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार, पूरे राज्य में फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है। आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा। हालांकि सुबह और रात के समय तापमान में गिरावट के कारण ठंड का एहसास होगा।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, कोलकाता और आसपास के इलाकों में सुबह हल्की धुंध रह सकती है। दिन में आसमान साफ रहने और धूप निकलने की संभावना है। कोलकाता में अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 से 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
दक्षिण बंगाल के जिलों में भी मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। बांकुड़ा, पुरुलिया और बीरभूम सहित पश्चिमी जिलों में रात के तापमान में गिरावट के कारण ठंड अधिक महसूस की जा रही है। इन इलाकों में न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
वहीं, उत्तर बंगाल के जिलों में भी मौसम सामान्यतः साफ और शुष्क रहेगा। मालदा, जलपाईगुड़ी और आसपास के मैदानी इलाकों में सुबह हल्की ठंड रहेगी। दार्जिलिंग और कलिम्पोंग के पहाड़ी इलाकों में तापमान कम रहने से ठंड का असर अधिक महसूस होगा।
अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल राज्य के किसी भी जिले में बारिश या आंधी को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। अगले चार से पांच दिनों तक मौसम में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

