home page

बांकुड़ा में पंचायत प्रधान पर शराब के नशे में कार्यालय में पड़े मिलने का आरोप

 | 
बांकुड़ा में पंचायत प्रधान पर शराब के नशे में कार्यालय में पड़े मिलने का आरोप


बांकुड़ा, 12 जून (हि. स.)। बांकुड़ा जिले में एक ग्राम पंचायत प्रधान पर कार्यालय के भीतर नशे की हालत में पड़े मिलने का आरोप लगा है। घटना के बाद इलाके में काफी चर्चा और नाराजगी देखी गई।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर छातना क्षेत्र के झुंजका ग्राम पंचायत कार्यालय में कुछ ग्रामीण ट्यूबवेल मरम्मत से जुड़ी समस्या लेकर पहुंचे थे। वहां पहुंचने पर उन्होंने देखा कि पंचायत प्रधान रामेश्वर हेंब्रम कार्यालय कक्ष के फर्श पर लगभग अचेत अवस्था में पड़े हुए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रधान शराब के नशे में थे। घटना की खबर फैलते ही पंचायत कार्यालय के बाहर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। किसी ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया।

गुरुवार देर शाम पुलिस मौके पर पहुंची और पंचायत प्रधान को सहारा देकर कार्यालय से बाहर निकालते हुए घर पहुंचाया। उस समय वह ठीक से बात करने या कुर्सी पर बैठने की स्थिति में नहीं थे।

ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत प्रधान अक्सर कार्यालय में उपलब्ध नहीं रहते। गांव की महिलाओं को सरकारी योजनाओं के फॉर्म पर हस्ताक्षर के लिए कई बार लौटना पड़ता है। लोगों ने यह भी दावा किया कि प्रधान अक्सर नशे की हालत में रहते हैं।

बताया जा रहा है कि वर्ष 2024 के पंचायत चुनाव में इस ग्राम पंचायत पर तृणमूल कांग्रेस ने जीत दर्ज की थी, जिसके बाद रामेश्वर हेमब्रम पंचायत प्रधान बने।

हालांकि पंचायत प्रधान ने शराब पीने के आरोपों को खारिज किया है। जिला प्रशासन के एक अधिकारी ने कहा है कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता