home page

आरजी कर लिफ्ट मामले में बड़ा खुलासा, लिफ्टमैन थे नशे में

 | 
आरजी कर लिफ्ट मामले में बड़ा खुलासा, लिफ्टमैन थे नशे में


कोलकाता, 27 मार्च (हि.स.)। आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में हुए लिफ्ट हादसे में एक व्यक्ति की मौत के मामले में चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। जांच में पता चला है कि गिरफ्तार किए गए तीनों लिफ्टमैन घटना के समय नशे की हालत में ड्यूटी पर थे।

पुलिस सूत्रों के अनुसार नागेरबाजार निवासी अरूप बंद्योपाध्याय अपनी पत्नी और पुत्र के साथ ट्रॉमा केयर की लिफ्ट नंबर-दो में फंस गए थे। आरोप है कि उस समय ड्यूटी पर मौजूद लिफ्टमैन नशे में होने के कारण स्थिति को समझ नहीं पाए और समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठा सके। जांच में यह भी सामने आया है कि यदि लिफ्ट का ताला तोड़कर बेसमेंट तक पहुंचा जाता, तो काफी पहले फंसे लोगों को बाहर निकाला जा सकता था।

इस मामले की जांच कर रही कोलकाता पुलिस की खुफिया विभाग के अधिकारियों ने पूछताछ में पाया कि घटना वाले दिन तीनों लिफ्टमैन बाहर बैठकर शराब पीने के बाद ड्यूटी पर पहुंचे थे। सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि कई बार वे और अन्य लिफ्टमैन भी शराब पीकर ड्यूटी पर आते हैं।

पुलिस के अनुसार ट्रॉमा केयर की प्रत्येक लिफ्ट की जिम्मेदारी अलग-अलग लिफ्टमैन के पास थी और उनकी ड्यूटी रात दस बजे से शुरू होती थी। जांच में पता चला है कि 19 मार्च की शाम के बाद से ही तीनों अलग-अलग स्थानों पर शराब पी रहे थे और रात करीब दस बजे अस्पताल पहुंचकर औपचारिक रूप से अपनी ड्यूटी संभाली।

घटना की जांच के तहत अस्पताल परिसर के लगभग 70 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फुटेज में रात बारह बजे तक उन्हें लिफ्ट के आसपास देखा गया है, लेकिन उसके बाद किसी भी लिफ्टमैन को लिफ्ट के पास नहीं पाया गया।

पूछताछ में दो लिफ्टमैनों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अत्यधिक शराब पी ली थी और उसी हालत में सो गए थे, जबकि तीसरा लिफ्टमैन सातवीं मंजिल के एक कमरे में बैठकर मोबाइल पर गाने सुन रहा था। इसी कारण जब पीड़ित के पिता अमल बंद्योपाध्याय मदद की गुहार लगा रहे थे, तब भी वे स्थिति को समझ नहीं सके।

पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना से पहले तीनों लिफ्टमैन किन-किन स्थानों पर शराब पीने गए थे। इसके लिए संभावित स्थानों पर जाकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। साथ ही मोबाइल फोन के जरिए उनकी लोकेशन की भी जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता