तृणमूल के राष्ट्रीय प्रवक्ता पद से शांतनु सेन का इस्तीफा
कोलकाता, 28 मई (हि. स.)। तृणमूल कांग्रेस के नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. शांतनु सेन ने पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता पद से इस्तीफा दे दिया है। अपने इस्तीफा पत्र में उन्होंने तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी को संबोधित किया है।
डॉ. शांतनु सेन ने पत्र में लिखा कि कठिन परिस्थितियों और कई मुद्दों पर मतभेद होने के बावजूद उन्होंने हमेशा सार्वजनिक रूप से पार्टी का पक्ष रखा और विवादित मामलों में पार्टी की ओर से मजबूती से लड़ाई लड़ी। उन्होंने कहा कि इसके लिए आम लोगों ने कई बार उनकी सराहना भी की।
हालांकि, उन्होंने वर्तमान परिस्थितियों पर चिंता जताते हुए कहा कि आर.जी. कर मामला, अभया मामला और नौकरी के बदले पैसे लेने जैसे भ्रष्टाचार और अनैतिक गतिविधियों के कारण बंगाल की जनता ने पार्टी को नकार दिया है।
उन्होंने लिखा कि जनता के फैसले का सम्मान करते हुए अब उनका मन राष्ट्रीय प्रवक्ता के पद पर बने रहने की अनुमति नहीं देता। इसी कारण उन्होंने पार्टी के अखिल भारतीय प्रवक्ता पद से इस्तीफा देने का फैसला किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

