home page

अमृत 2.0 योजना के तहत कुल्टी विधानसभा में 7.23 करोड़ की जलापूर्ति परियोजनाओं का शुभारंभ

 | 
अमृत 2.0 योजना के तहत कुल्टी विधानसभा में 7.23 करोड़ की जलापूर्ति परियोजनाओं का शुभारंभ


पश्चिम बर्दवान, 26 जून (हि. स.)। पश्चिम बंगाल सरकार के लोक निर्माण (पीडब्ल्यूडी) एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी (पीएचई) विभाग के मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार ने शनिवार को अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत कुल्टी विधानसभा क्षेत्र में लगभग 7.23 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न जलापूर्ति एवं पाइपलाइन विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया।

इस योजना के तहत कुल्टी कॉलेज, कुल्टी गर्ल्स स्कूल, रक्ता, केंदुआबाज़ार, सुभाषपाड़ा, बराकर अस्पताल, जगतडीही, चलबलपुर–फुनुरी, अकवानबागान, बिरिडांगल–करीमडांगल–रांची ग्राम सहित कई क्षेत्रों में नई पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू किया गया। साथ ही बराकर एवं रामनगर स्थित पुराने सीडब्ल्यूआर के जीर्णोद्धार कार्य का भी उद्घाटन किया गया।

इन परियोजनाओं के माध्यम से क्षेत्र की पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाया जाएगा, जिससे हजारों नागरिकों को स्वच्छ एवं नियमित पेयजल उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार ने कहा कि राज्य सरकार प्रत्येक नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण पेयजल पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत संचालित ये परियोजनाएं क्षेत्र के विकास और जनकल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

उन्होंने संवेदकों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं, अन्यथा संबंधित एजेंसियों को ब्लैकलिस्ट किया जा सकता है। साथ ही अभियंताओं से ईमानदारी एवं निष्पक्षता के साथ कार्य करने की अपील करते हुए कहा कि राज्य सरकार की ओर से हर संभव सहयोग दिया जाएगा।

कार्यक्रम में कार्यपालक अभियंता अचिंत्य बरुई, सहायक अभियंता संतोष कुमार, स्वपन कुमार घोष एवं अभिषेक चरण, उप सहायक अभियंता कार्तिक गांगुली, अभिषेक चक्रवर्ती, सौविक राय सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा