सरकारी गाड़ी में भारी मात्रा में दस्तावेज देखकर भाजपा विधायक को हुआ शक, जांच में जुटी पुलिस
हुगली, 20 मई (हि. स.)। सरकारी वाहन में बड़ी संख्या में दस्तावेजों के बंडल देखकर श्रीरामपुर के भाजपा विधायक भास्कर भट्टाचार्य को संदेह हुआ, उन्होंने वाहन का पीछा कर पुलिस को सूचना दी।
बताया गया है कि श्रीरामपुर बटतला इलाके से विधायक ने श्रीरामपुर के बड़तल्ला इलाके में बुधवार को “गवर्नमेंट ऑफ वेस्ट बंगाल” लिखी गाड़ी को देखकर संदेह होने पर उसका पीछा किया। बाद में श्रीरामपुर पेट्रोल पंप के पास वाहन को रोका गया। विधायक ने तुरंत इसकी जानकारी श्रीरामपुर थाने को दी।
विधायक भास्कर भट्टाचार्य ने कहा कि उन्हें शक है कि कुछ महत्वपूर्ण फाइलों को कहीं ले जाया जा रहा था। सरकारी वाहन में बड़ी मात्रा में दस्तावेज मौजूद थे, जिससे मामला संदिग्ध लगा।
सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को घेर लिया। गाड़ी में चालक समेत दो लोग मौजूद थे। पुलिस ने दोनों से पूछताछ शुरू कर दी है और दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

