डंपर की चपेट में आने से चिकित्सक की मौत, स्थानीय लोगों ने किया सड़क जाम
कोलकाता, 26 नवंबर (हि. स.)। उत्तर 24 परगना जिले के निमता थाना अंतर्गत कल्याणी एक्सप्रेसवे पर गुरुवार सुबह सड़क दुर्घटना में एक चिकित्सक की मौत हो गई। मृतक की पहचान सुकुमार दास के रूप में हुई है। वह साइकिल से बाजार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आ रहे एक डंपर ने उन्हें टक्कर मार दी। डंपर के पहिये के नीचे आने से घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, डंपर मुरागाछा से एमबी रोड की ओर जा रहा था। निमता के कालीबाड़ी इलाके में सुकुमार दास सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान डंपर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को सागर दत्त अस्पताल ले गई।
चिकित्सक की मौत से नाराज स्थानीय लोगों ने सड़क की खराब स्थिति और भारी वाहनों की तेज गति से आवाजाही के विरोध में सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि इलाके में लंबे समय से सड़क की स्थिति खराब है। इसके बावजूद बड़े-बड़े ट्रक और डंपर तेज गति से गुजरते हैं। दिन के अधिकांश समय इस महत्वपूर्ण सड़क पर यातायात पुलिस की तैनाती भी नहीं रहती है। इससे स्कूली बच्चों और रोजाना आने-जाने वाले लोगों को दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि एक पुल चालू होने के बावजूद दूसरा पुल बंद रहने से यातायात की समस्या बढ़ गई है। उन्होंने इलाके में यातायात नियंत्रण की समुचित व्यवस्था करने और भारी वाहनों की आवाजाही पर निगरानी बढ़ाने की मांग की।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटाने का प्रयास किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

