सिलीगुड़ी में विरोध करने पर डॉक्टर से मारपीट, आरोपित हिरासत में
सिलीगुड़ी, 08 जून (हि. स.)। शहर में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां गलत दिशा में गाड़ी चलाने का विरोध करने पर एक सरकारी पशु चिकित्सक के साथ मारपीट की गई। घटना सोमवार सुबह शक्तिगढ़ थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर तीन के बर्धमान रोड की है।
जानकारी के अनुसार, सरकारी वेटरनरी अस्पताल में कार्यरत डॉक्टर सौरवकांति शर्मा ने गलत तरीके से गाड़ी चला रहे युवकों का विरोध किया। आरोप है कि विरोध करने पर युवक ने अपने साथियों को बुलाया और डॉक्टर को जान से मारने की धमकी दी।
बताया जा रहा है कि आरोपितों ने लोहे की रॉड से हमला किया, जिससे डॉक्टर के हाथ और होंठ पर चोटें आई है। घटना की सूचना पाकर न्यू जलपाईगुड़ी थाने की पुलिस और केंद्रीय बल मौके पर पहुंचे। बाद में पुलिस ने हमलावर आरोपितों को हिरासत में ले लिया। घटना के बाद घायल डॉक्टर ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

