home page

डीएनए जांच में हुई पुष्टि, छह वर्षीय बेटे ने दी पिता को प्रतीकात्मक विदाई

 | 

कोलकाता, 22 नवंबर (हि. स.)। मुर्शिदाबाद जिले के धुलियान में भाजपा कार्यकर्ता सुजित मंडल की हत्या के बाद रविवार को धार्मिक रीति-रिवाज के साथ उनका प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार किया गया। डीएनए जांच में बरामद किए गए शव के अंश की पहचान सुजित मंडल के रूप में हुई है। शव के अन्य हिस्से नहीं मिलने के कारण परिवार ने पुतला बनाकर अंतिम संस्कार की रस्म पूरी की।

पिछले अगस्त महीने में धुलियान नगरपालिका के वार्ड संख्या 13 निवासी भाजपा कार्यकर्ता सुजित मंडल की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। मामले की जांच मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निर्देश पर सीआईडी को सौंपी गई थी। पुलिस ने इस मामले में सामाउल हक, जॉनी शेख और ताजफिरा बीबी को गिरफ्तार किया था।

आरोपितों से पूछताछ के आधार पर गत तीन सितंबर को फरक्का के बल्लालपुर घाट के पास से कुछ मानव अंग बरामद किए गए थे। पुलिस को संदेह था कि ये सुजित मंडल के शव के हिस्से हैं। हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी थी। इसके बाद बरामद अंगों का डीएनए परीक्षण कराया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, डीएनए नमूने का मिलान सुजित के परिवार के एक सदस्य के नमूने से हो गया है। शनिवार को जांच रिपोर्ट परिवार को सौंप दी गई।

रविवार सुबह धुलियान श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार की प्रतीकात्मक रस्म पूरी की गई। सुजित के छह वर्षीय बेटे सिद्धार्थ ने पिता के पुतले को मुखाग्नि दी। धार्मिक परंपरा के अनुसार बच्चे का सिर भी मुंडवाया गया।

सुजित के भाई सुशील ने कहा कि राज्य सरकार पूरे परिवार के साथ खड़ी रही है, जिसके लिए वे आभारी हैं। उन्होंने मामले के एक आरोपित की पुलिस मुठभेड़ में मौत का उल्लेख करते हुए शेष दोनों आरोपितों को भी कड़ी सजा देने की मांग की।

उल्लेखनीय है कि गत 27 अक्टूबर को पश्चिम बंगाल में एक ही दिन दो अलग-अलग पुलिस मुठभेड़ की घटनाएं हुई थीं। उत्तर 24 परगना जिले के गायघाटा में एक किशोरी की हत्या और दुष्कर्म के आरोपित प्रह्लाद दास की पुलिस गोलीबारी में मौत हो गई थी।

पुलिस के अनुसार, घटना का पुनर्निर्माण कराने के दौरान उसने पुलिस का हथियार छीनकर गोली चलाने और भागने का प्रयास किया था।

इसी दिन दोपहर मुर्शिदाबाद के धुलियान में भी सुजित मंडल हत्याकांड के घटनाक्रम का पुनर्निर्माण कराने के दौरान गिरफ्तार आरोपित सामाउल ने पुलिस का हथियार छीनकर गोली चलाई थी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसकी मौत हो गई थी।

पुलिस के अनुसार, सुजित और सामाउल के बीच कारोबारी संबंध थे। दोनों कथित तौर पर ब्याज पर रुपये देने का काम करते थे। आर्थिक लेनदेन को लेकर उनके बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद सुजित की हत्या किए जाने का आरोप है।

रविवार को धुलियान श्मशान घाट पर भाजपा के मालदा दक्षिण संगठनात्मक जिले के उपाध्यक्ष मिलन मंडल भी उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि शव नहीं मिलने के कारण सुजित को प्रतीकात्मक रूप से अंतिम विदाई दी गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता