home page

दुर्गापुर नगर निगम को मिला नया प्रशासक, डीएम एस पोन्नाम्बलम ने संभाली जिम्मेदारी

 | 
दुर्गापुर नगर निगम को मिला नया प्रशासक, डीएम एस पोन्नाम्बलम ने संभाली जिम्मेदारी


बर्दवान, 20 मई (हि. स.)। दुर्गापुर से एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक खबर सामने आई है। पश्चिम बर्धमान के जिलाधिकारी एस पोन्नाम्बलम ने बुधवार को औपचारिक रूप से दुर्गापुर नगर निगम के प्रशासक का पदभार संभाला है। इस दौरान वे नगर निगम पहुंचे, जहां उन्होंने आयुक्त के साथ बैठक की और प्रशासक की कुर्सी पर बैठकर जिम्मेदारी ग्रहण की।

नए प्रशासक के स्वागत में दुर्गापुर पूर्व के विधायक चंद्रशेखर बनर्जी और दुर्गापुर पश्चिम के विधायक लक्ष्मण चंद्र घड़ुई ने उन्हें सम्मानित किया। इस मौके पर प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में सक्रियता देखी गई।

पदभार संभालने के बाद एस पोन्नमबलम ने स्पष्ट किया कि नगर निगम के अंतर्गत विभिन्न वार्डों में जो विकास कार्य अधूरे पड़े हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए तेजी से कदम उठाए जाएंगे। इसी सप्ताह शनिवार को दोनों विधायकों के साथ एक विस्तृत बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें नगर निगम के चल रहे परियोजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा की जाएगी। इस बैठक में भविष्य की योजनाओं और कार्यों की प्राथमिकता भी तय की जाएगी।

एस पोन्नमबलम के प्रशासक के रूप में कार्यभार संभालने से दुर्गापुर नगर निगम में नई ऊर्जा और उम्मीद जगी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा