home page

जनगणना 2027 पूरी तरह होगी पेपरलेस, अगस्त से शुरू होगा पहला चरण

 | 
जनगणना 2027 पूरी तरह होगी पेपरलेस, अगस्त से शुरू होगा पहला चरण


पश्चिम बर्दवान, 08 जुलाई (हि. स.)। भारत सरकार के गृह मंत्रालय एवं जनगणना निदेशालय के निर्देशानुसार जनगणना-2027 की तैयारियां पश्चिम बर्दवान जिले में तेज़ हो गई हैं। बुधवार को कल्याणपुर हाउसिंग क्षेत्र में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान पश्चिम बर्दवान के जिलाधिकारी एस. पोन्ननमबलम ने प्रेसवार्ता कर जनगणना की विस्तृत रूपरेखा साझा की।

जिलाधिकारी एस पोन्ननमबलम ने बताया कि इस बार की जनगणना पूरी तरह पेपरलेस होगी। सभी जानकारी विशेष मोबाइल ऐप और ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से दर्ज की जाएगी। नागरिक चाहें तो सेल्फ एन्यूमरेशन के जरिए स्वयं भी अपनी जानकारी पोर्टल पर भर सकेंगे। इसके बाद प्रगणक (एन्यूमरेटर) घर-घर जाकर उसका सत्यापन करेंगे।

उन्होंने बताया कि जिले में कुल 24 चार्ज अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। इनमें आसनसोल नगर निगम के लिए 10, दुर्गापुर नगर निगम के लिए पांच तथा शेष नौ चार्ज अधिकारी विभिन्न ब्लॉकों और डीसीएटी क्षेत्र के लिए होंगे।

जिले में लगभग पांच हजार 302 प्रगणक और 896 पर्यवेक्षक नियुक्त किए जाएंगे। इनके चयन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है तथा नियुक्ति पत्र इसी सप्ताह जारी कर दिए जाएंगे। इनका प्रशिक्षण जुलाई के तीसरे सप्ताह से शुरू होगा।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना दो चरणों में होगी। पहला चरण हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन होगा। इसमें जिले के सभी मकानों, भवनों, संस्थानों और अन्य संरचनाओं का विवरण दर्ज किया जाएगा। इस चरण का किसी संपत्ति के स्वामित्व से कोई संबंध नहीं होगा। केवल यह दर्ज किया जाएगा कि भवन है या नहीं, उसमें कोई रहता है या नहीं तथा उसका उपयोग किस उद्देश्य से किया जा रहा है।

पहले चरण में एक अगस्त से 15 अगस्त तक नागरिक स्वयं ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपने घर का विवरण भर सकेंगे। इसके बाद 16 अगस्त से 16 सितंबर तक प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी का सत्यापन करेंगे और आवश्यक विवरण एकत्र करेंगे।

दूसरा चरण फरवरी 2027 में होगा, जिसमें जनसंख्या गणना की जाएगी। इस दौरान प्रत्येक परिवार के सदस्यों की संख्या तथा उनसे संबंधित आवश्यक जानकारी दर्ज की जाएगी। जिलाधिकारी ने बताया कि भारत सरकार के निर्देशानुसार इसी चरण में जातीय जनगणना भी कराई जाएगी, जिसके लिए अधिकारियों को अलग से विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि जनगणना के दौरान एकत्र की जाने वाली सभी जानकारी जनगणना अधिनियम के तहत पूरी तरह गोपनीय रहेगी और किसी भी तीसरे पक्ष के साथ साझा नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने बताया कि अगले सप्ताह से जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता अभियान शुरू किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग सेल्फ एन्यूमरेशन का उपयोग करें और जनगणना कार्य में प्रशासन का सहयोग करें।

उन्होंने आम जनता से अपील की कि जब प्रगणक घर-घर सर्वे के लिए पहुंचें, तब उन्हें सही जानकारी देकर पूरा सहयोग करें, ताकि जनगणना-2027 का कार्य सफलतापूर्वक और समय पर पूरा किया जा सके।

जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि सेना, वायुसेना, बीएसएफ और सीआरपीएफ जैसे सैन्य एवं अर्द्धसैनिक प्रतिष्ठानों में सामान्य हाउस लिस्टिंग नहीं होगी। इन क्षेत्रों के लिए भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार अलग से स्पेशल सेंसस ऑफिसर नियुक्त किए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा