आसनसोल में मतगणना को लेकर तैयारियां पूरी, स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था का अधिकारियों ने लिया जायजा
आसनसोल, 01 मई (हि. स.)। आगामी मतगणना को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रहे हैं। इस बार आसनसोल इंजीनियरिंग कॉलेज को आसनसोल उत्तर, आसनसोल दक्षिण, कुल्टी, रानीगंज, जामुड़िया तथा बाराबनी विधानसभा क्षेत्रों के लिए स्ट्रांग रूम के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है, जहां सभी इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों को सुरक्षित रखा गया है।
इसी क्रम में पश्चिम वर्धमान के जिलाधिकारी एस. पोन्नबलम और आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नररेट (एडीपीसी) के पुलिस आयुक्त डॉ. प्रणव कुमार सिंह संयुक्त टीम के साथ स्ट्रांग रूम और मतगणना केंद्र का निरीक्षण करने पहुंचे। अधिकारियों ने यहां सुरक्षा व्यवस्था, लॉजिस्टिक प्रबंधन और ईवीएम की सुरक्षित रख-रखाव प्रणाली का बारीकी से जायजा लिया।
उन्होंने व्यवस्थाओं पर संतोष जताते हुए कहा कि मतगणना को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए गए हैं और अब तक किसी भी राजनीतिक दल की ओर से कोई शिकायत सामने नहीं आई है।
निरीक्षण के दौरान आसनसोल नॉर्थ ब्लॉक-1 के तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष गुरदास चटर्जी भी उपस्थित थे। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था फिलहाल संतोषजनक है, लेकिन उनकी पार्टी लगातार नजर बनाए हुए है और किसी भी गड़बड़ी की स्थिति में आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने स्ट्रांग रूम के आसपास लगाए गए सीसीटीवी कैमरों पर भी संतोष व्यक्त किया। जिला प्रशासन द्वारा पूर्व में आयोजित सर्वदलीय बैठक में मतगणना प्रक्रिया और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सभी दलों को विस्तृत जानकारी दी गई थी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मतगणना केंद्र के 100 मीटर के दायरे के बाहर ही राजनीतिक पार्टी अपने कैंप लगा सकेंगे। इसके अलावा, मतगणना केंद्र के भीतर किसी भी प्रकार के खाद्य सामग्री या टिफिन ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा और काउंटिंग एजेंटों को प्रवेश के बाद मतगणना समाप्त होने तक अंदर ही रहना होगा। सुरक्षा के मद्देनजर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है, जिसमें काउंटिंग हॉल के बाहर, परिसर के भीतर और बाहरी परिधि में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। काउंटिंग सेंटर के पास स्थित कॉरपोरेट बिल्डिंग और आसपास के क्षेत्र में भी विशेष सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। संभावित पावर फेलियर की स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त इन्वर्टर लगाने का निर्णय लिया गया है, ताकि मतगणना प्रक्रिया बाधित न हो।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, आसनसोल इंजीनियरिंग कॉलेज में कुल छह विधानसभा सीटों की मतगणना की जाएगी। खास तौर पर आसनसोल दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के लिए 28 टेबल की व्यवस्था की गई है, जिसमें 22 टेबल पर ईवीएम के वोटों की गिनती होगी, दो टेबल ईआरओ कार्य के लिए और चार टेबल पोस्टल बैलेट की गणना के लिए निर्धारित किए गए हैं।
अधिकारियों ने विश्वास जताया है कि इस बार मतगणना प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराई जाएगी, जिसके लिए सभी स्तरों पर व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

