home page

डीएम तथा सीपी ने पांडेश्वर विधानसभा क्षेत्र का संयुक्त रूप से किया दौरा

 | 
डीएम तथा सीपी ने पांडेश्वर विधानसभा क्षेत्र का संयुक्त रूप से किया दौरा


आसनसोल, 15 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम बर्दवान जिले में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। जिलाधिकारी (डीएम) एस पोन्नमबलम और पुलिस आयुक्त (सीपी) डा प्रणव कुमार ने संयुक्त रूप से पांडेश्वर विधानसभा क्षेत्र का दौरा कर संवेदनशील बूथों की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान अंडाल थाना के ओसी गोपाल पात्र भी उनके साथ मौजूद रहे।

अधिकारियों ने क्षेत्र के मतदाताओं से बातचीत कर उन्हें आश्वस्त किया कि चुनाव के दौरान भयमुक्त वातावरण में मतदान कराने के लिए हर संभव व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने लोगों से निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील भी की।

प्रशासन की ओर से विभिन्न बूथों पर सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। साथ ही सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी बढ़ाई गई है और लगातार गश्त भी की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को समय रहते रोका जा सके।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी तरह की अव्यवस्था या अशांति को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा