डीएम और सीपी ने बाराबनी विधानसभा का दौरा किया
आसनसोल, 01 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम बर्दवान जिले के आसनसोल स्थित बाराबनी विधानसभा क्षेत्र के पानुरिया गांव (164 नंबर बूथ) में बुधवार शाम जिला प्रशासन और पुलिस के शीर्ष अधिकारियों ने दौरा कर मतदाताओं से सीधा संवाद किया।
इस दौरान पश्चिम बर्धमान के जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी एस. पोन्नमबलम और आसनसोल-दुर्गापुर के पुलिस कमिश्नर डॉ. प्रणब कुमार ने गांव का निरीक्षण किया। उनके साथ बाराबनी थाना प्रभारी दिव्येंदु मुखर्जी, स्थानीय पुलिस बल और केंद्रीय सुरक्षा बल के जवान भी मौजूद थे।
अधिकारियों ने पानुरिया गांव में घर-घर जाकर लोगों से बातचीत की और उन्हें मतदान के दिन अपने-अपने बूथ पर पहुंचकर मतदान करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने मतदाताओं को भरोसा दिलाया कि चुनाव आयोग की ओर से सुरक्षा के सभी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, जिससे वे बिना किसी भय के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है, और इसके लिए हर स्तर पर निगरानी रखी जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

