शांतिपूर्ण चुनाव कराने को लेकर चुनाव आयोग का सख्त निर्देश
आसनसोल, 13 अप्रैल (हि. स.)। राज्य विधानसभा चुनाव को लेकर चुनाव आयोग पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। आगामी 23 अप्रैल को होने वाले प्रथम चरण के मतदान को ध्यान में रखते हुए आयोग ने निष्पक्ष, स्वतंत्र और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन को सख्त निर्देश जारी किए हैं। ये निर्देश मुख्य सचिव के माध्यम से जिलों तक पहुंचाए गए हैं।
सोमवार को दुर्गापुर महकमा शासक कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में जिले के डीएम पन्नाबलम एस ने इस संबंध में जानकारी दी। इस दौरान एडीपीसी के पुलिस आयुक्त प्रणव कुमार और कमांडेंट सुनील सिंह भी मौजूद रहे। डीएम ने स्पष्ट कहा कि आयोग के निर्देशों का पालन हर हाल में सुनिश्चित किया जाएगा और किसी भी प्रकार की लापरवाही या उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। निर्देशों की प्रतिलिपि सभी विभागीय अधिकारियों को भेज दी गई है।
आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के तहत मतदाताओं को भयमुक्त वातावरण में मतदान कराने पर विशेष जोर दिया गया है। बूथों के आसपास किसी भी प्रकार की हिंसा पर पूरी तरह रोक रहेगी। मतदान केंद्रों पर किसी तरह का इशारा या प्रभाव डालने की अनुमति नहीं होगी। अनावश्यक भीड़ जुटाने, रास्ता जाम करने या चुनाव प्रक्रिया में बाधा डालने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा स्पष्ट किया गया है कि चुनाव कर्मियों के अलावा किसी भी जनप्रतिनिधि या बाहरी व्यक्ति को बूथ के आसपास रुकने या घूमने की अनुमति नहीं होगी।
आयोग ने साफ कर दिया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़े कानूनी प्रावधान लागू किए जाएंगे, ताकि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

