मतदाता सूची जारी करने से पूर्व पश्चिम बर्दवान डीएम ने की सर्वदलीय बैठक
आसनसोल, 27 फ़रवरी (हि. स.)। पश्चिम बर्दवान जिलाधिकारी एस पोन्नमबलम ने शुक्रवार को आसनसोल स्थित जिलाधिकारी कार्यालय में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एक अहम सर्वदलीय बैठक किया। बैठक में मतदाता सूची प्रकाशन की तैयारियों, आपत्तियों के निपटारे और पारदर्शी प्रक्रिया सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा की गई।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पूरी प्रक्रिया निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार संपन्न की जाएगी। प्रशासन ने सभी राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक प्रक्रिया की आधारशिला है, इसलिए इसे लेकर किसी भी तरह की गलतफहमी या तनाव की स्थिति नहीं बननी चाहिए। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि यदि किसी मतदाता का नाम सूची में छूट गया हो या किसी प्रकार की त्रुटि पाई जाए, तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है। इसके लिए विशेष काउंटर और हेल्पडेस्क की व्यवस्था की जाएगी।
प्रशासन ने आम जनता के लिए संदेश जारी करते हुए कहा कि वे किसी भी तरह की अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें। किसी राजनीतिक पार्टी या असामाजिक तत्व के उकसावे में आने से बचें और केवल आधिकारिक स्रोतों पर भरोसा करें। जिलाधिकारी कार्यालय ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची से संबंधित किसी भी समस्या या शिकायत के लिए नागरिक सीधे कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए विशेष निगरानी टीम भी गठित की जाएगी।
28 फरवरी को मतदाता सूची प्रकाशित होने के पूर्व जिले में राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है। ऐसे में प्रशासन का ध्यान शांति, पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने पर है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

