दिवाली और छठ पर दक्षिण पूर्व रेलवे चलाएगा विशेष ट्रेनें, कई ट्रेनों के फेरे बढ़ेगी
कोलकाता, 31 अक्टूबर (हि.स.)। दिवाली और छठ पूजा के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे ने कई विशेष ट्रेनों के परिचालन की अवधि बढ़ाने के साथ ही नई विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इससे त्योहारों के दौरान यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
शनिवार शाम रेलवे की ओर से जारी सूचना के अनुसार, विशाखापत्तनम-शालीमार विशेष ट्रेन (08508) तीन से 17 नवंबर तक प्रत्येक मंगलवार को चलेगी। वहीं, शालीमार-विशाखापत्तनम विशेष ट्रेन (08507) चार से 18 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार को संचालित होगी।
इसी तरह पुरी-सांतरागाछी विशेष ट्रेन (08405) दो से 30 नवंबर तक प्रत्येक सोमवार और सांतरागाछी-पुरी विशेष ट्रेन (08406) तीन नवंबर से एक दिसंबर तक प्रत्येक मंगलवार को चलेगी।
इसके अलावा हटिया-एलटीटी मुंबई विशेष ट्रेन (08609) दो से 30 नवंबर तक प्रत्येक सोमवार तथा एलटीटी मुंबई-हटिया विशेष ट्रेन (08610) तीन नवंबर से एक दिसंबर तक प्रत्येक मंगलवार को चलाई जाएगी।
दिवाली और छठ पूजा के अवसर पर शालीमार और दरभंगा के बीच भी विशेष ट्रेन (08109/08110) चलाने की घोषणा की गई है। शालीमार-दरभंगा विशेष ट्रेन (08109) तीन से 17 नवंबर तक प्रत्येक मंगलवार को सुबह 10:15 बजे शालीमार से रवाना होकर उसी दिन रात 9:30 बजे दरभंगा पहुंचेगी।
वापसी में दरभंगा-शालीमार विशेष ट्रेन (08110) चार से 18 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार को रात 12:30 बजे दरभंगा से रवाना होकर उसी दिन दोपहर 2:30 बजे शालीमार पहुंचेगी। इस ट्रेन का दक्षिण पूर्व रेलवे के क्षेत्राधिकार में सांतरागाछी स्टेशन पर ठहराव होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

