home page

बंगाल चुनाव : पश्चिम बर्दवान में रिकॉर्डतोड़ मतदान

 | 
बंगाल चुनाव : पश्चिम बर्दवान में रिकॉर्डतोड़ मतदान


आसनसोल, 23 अप्रैल (हि.स.)।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण में पश्चिम बर्दवान जिले ने रिकॉर्डतोड़ मतदान दर्ज कर चुनावी इतिहास में नया अध्याय जोड़ दिया। चुनाव आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, गुरुवार शाम 5 बजे तक जिले की 9 विधानसभा सीटों पर औसतन 86.97 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। यह आंकड़ा पिछले विधानसभा चुनावों की तुलना में काफी अधिक है और माना जा रहा है कि रात तक अंतिम आंकड़ 90 फीसदी के पार पहुंच सकता है।

जिले में सबसे अधिक मतदान पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्र में दर्ज किया गया, जहां शाम 5 बजे तक 88.76 प्रतिशत वोटिंग हुई। इसके बाद जामुड़िया में 88.30 प्रतिशत और रानीगंज में 87.93 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ। बाराबनी में 87.45 प्रतिशत और आसनसोल दक्षिण में 87.12 प्रतिशत वोट पड़े।

अन्य विधानसभा क्षेत्रों की बात करें तो दुर्गापुर पूर्व में 86.45 प्रतिशत, दुर्गापुर पश्चिम में 86.24 प्रतिशत, कुल्टी में 85.88 प्रतिशत और आसनसोल उत्तर में सबसे कम, लेकिन फिर भी उल्लेखनीय 84.58 प्रतिशत मतदान हुआ। खास बात यह रही कि जिले की सभी सीटों पर 84 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया।

दिनभर मतदान की रफ्तार लगातार बढ़ती रही। सुबह 9 बजे तक जिले में 19.02 प्रतिशत मतदान हुआ था। इसके बाद सुबह 11 बजे तक यह बढ़कर 40.30 प्रतिशत पहुंच गया। दोपहर 1 बजे तक मतदान का आंकड़ा 60.45 प्रतिशत हो गया, जबकि 3 बजे तक यह 75.52 प्रतिशत तक पहुंच गया। शाम 5 बजे तक मतदान ने 86.97 प्रतिशत का स्तर छू लिया।

चुनाव अधिकारियों का मानना है कि शाम 6 बजे तक जो मतदाता कतार में लगे थे, उनके मतदान के बाद अंतिम प्रतिशत और बढ़ सकता है। अगर ऐसा होता है तो पश्चिम बर्दवान जिले में इस बार मतदान का आंकड़ा 90 प्रतिशत के पार जा सकता है।

इस बार जिले ने 2016 के विधानसभा चुनाव का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। वर्ष 2016 में जिले में करीब 83 प्रतिशत मतदान हुआ था, जबकि इस बार शाम 5 बजे तक ही यह आंकड़ा उससे काफी आगे निकल गया।

मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाए रखने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। जिले भर में केंद्रीय बलों की 125 कंपनियां तैनात की गई थीं। संवेदनशील और अति संवेदनशील बूथों पर विशेष नजर रखी गई। दिनभर कहीं से किसी बड़ी हिंसा या अप्रिय घटना की खबर नहीं आई, जिससे प्रशासन ने राहत की सांस ली।

इस चुनाव में महिला और युवा मतदाताओं की भागीदारी खास तौर पर देखने को मिली। सुबह से ही कई मतदान केंद्रों पर महिलाओं की लंबी कतारें नजर आईं। वहीं पहली बार मतदान करने पहुंचे युवाओं में भी उत्साह देखने लायक था। कई स्थानों पर दिव्यांग और बुजुर्ग मतदाताओं की सहायता करते हुए सुरक्षा बलों और चुनाव कर्मियों को देखा गया, जिन्होंने उन्हें बूथ तक पहुंचाकर मतदान कराने में मदद की।

पश्चिम बर्दवान में हुए इस रिकॉर्डतोड़ मतदान ने साफ संकेत दे दिया है कि इस बार मतदाता लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। अब सभी की निगाहें मतगणना और चुनाव परिणामों पर टिकी हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा