अभिषेक बनर्जी पर हमले के विरोध में तृणमूल का धरना
पश्चिम बर्दवान, 31 मई (हि.स.)।
तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद अभिषेक बनर्जी पर कथित हमले के विरोध में शनिवार को पश्चिम बर्दवान जिला तृणमूल कांग्रेस की ओर से आसनसोल के कोर्ट मोड़ स्थित गांधी प्रतिमा के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
धरना कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पश्चिम बर्दवान जिला तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष नरेंद्र नाथ चक्रवर्ती ने कहा कि सांसद अभिषेक बनर्जी सोनारपुर में पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने गए थे। उसी दौरान उन पर जिस प्रकार हमला किया गया, वह बेहद निंदनीय और लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।
उन्होंने आरोप लगाया कि हमले में अभिषेक बनर्जी को धक्का देकर जमीन पर गिराया गया, जिससे पूरे राज्य के लोगों में चिंता और आक्रोश है।
नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती ने कहा कि पश्चिम बंगाल के राजनीतिक इतिहास में किसी सांसद के साथ इस तरह की घटना पहले कभी नहीं देखी गई।
उन्होंने कहा कि राज्य की जनता पूरी घटना पर नजर रखे हुए है और समय आने पर इसका जवाब देगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि 4 मई के बाद से राज्य के विभिन्न हिस्सों में तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और समर्थकों पर लगातार हमले हो रहे हैं। उन्होंने इसे लोकतंत्र पर हमला बताते हुए कहा कि पार्टी इस तरह की घटनाओं को बर्दाश्त नहीं करेगी।
जिला अध्यक्ष ने कहा कि हमले के पीछे कौन लोग शामिल हैं, इसकी जांच और पहचान पार्टी का शीर्ष नेतृत्व तथा संबंधित एजेंसियां करेंगी। उन्होंने मांग की कि घटना में शामिल सभी दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।
तृणमूल कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई नहीं की गई तो पार्टी पूरे राज्य में व्यापक आंदोलन चलाएगी। धरना-प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने अभिषेक बनर्जी के समर्थन में नारे लगाए और लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। मौके पर आसनसोल नगर निगम के मेयर विधान उपाध्याय, उपमेयर अभिजीत घटक, वशीम उल हक, हरेराम सिंह आदि उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

