home page

राख के प्रदूषण पर बवाल, डंपर रोककर स्थानीय लोगों ने किया प्रदर्शन

 | 
राख के प्रदूषण पर बवाल, डंपर रोककर स्थानीय लोगों ने किया प्रदर्शन


पश्चिम बर्दवान, 07 अगस्त (हि. स.)। राख के बढ़ते प्रदूषण से परेशान स्थानीय लोगों ने शुक्रवार को कई राख लदे डंपरों को रोककर विरोध प्रदर्शन किया। मामला आसनसोल के कुल्टी थाना क्षेत्र के सांकतोड़िया हुसैनिया मोड़ का है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि लंबे समय से पुरुलिया के रघुनाथपुर डीवीसी इलाके से राख लदे डंपर डिसरगढ़-नियामतपुर रोड से होकर गुजर रहे हैं। इन वाहनों से सड़क पर राख और धूल गिरने के कारण इलाके में प्रदूषण की समस्या बढ़ती जा रही है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, राख की ढुलाई के लिए इस मार्ग का इस्तेमाल पहले बंद कर दिया गया था, लेकिन अब दोबारा इसी रास्ते से डंपरों का परिचालन शुरू हो गया है। डंपरों के गुजरने के दौरान सड़क पर पड़ी राख और धूल उड़कर आसपास के घरों, दुकानों और अन्य इलाकों में फैल रही है। इससे स्थानीय निवासियों के साथ दुकानदारों और स्कूल जाने वाले बच्चों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय निवासी प्रशांत माजी ने कहा कि सड़क पर उड़ने वाली धूल और राख के कारण लोगों का रहना मुश्किल हो गया है। इलाके की छोटी-बड़ी दुकानें भी इससे प्रभावित हो रही हैं। दिनभर धूल उड़ने के कारण दुकानदारों और राहगीरों को काफी परेशानी होती है।

वहीं, स्थानीय निवासी सुखेन गोंड़ाई ने बताया कि राख और धूल घरों तथा दुकानों में भर रही है। धूल के कारण आंख, नाक और मुंह में परेशानी हो रही है। उन्होंने प्रशासन से राख लदे डंपरों का इस मार्ग से परिचालन तत्काल बंद कराने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान एक डंपर चालक पंकज यादव ने बताया कि वह रघुनाथपुर डीवीसी से राख लेकर दुबराजपुर जा रहा था। उसके मुताबिक, सड़क पर उड़ने वाली राख और धूल के कारण वाहन चलाने में भी परेशानी होती है। विशेषकर रात के समय धूल के कारण वाहन का शीशा धुंधला हो जाता है, जिससे दृश्यता प्रभावित होती है और दुर्घटना का खतरा बना रहता है।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेता अभिजीत आचार्य भी स्थानीय लोगों के साथ मौजूद रहे। उन्होंने दावा किया कि इस समस्या को लेकर पहले ही जिलाधिकारी, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और पुलिस कमिश्नर को ई-मेल के माध्यम से शिकायत की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि पीडब्ल्यूडी मंत्री अजय पोद्दार को भी सड़क की स्थिति और राख के परिवहन से स्थानीय लोगों को हो रही परेशानी के बारे में जानकारी दी गई है।

डंपरों को रोककर प्रदर्शन की सूचना मिलने के बाद कुल्टी थाना क्षेत्र के सांकतोड़िया फांड़ी की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस की मौजूदगी में प्रदर्शनकारियों से बातचीत की गई।

भाजपा नेता अभिजीत आचार्य एवं स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि राख लदे डंपरों का इस मार्ग से परिचालन तत्काल बंद कराया जाए। साथ ही सड़क पर जमा राख और धूल की सफाई कराने तथा इलाके में बढ़ते प्रदूषण की समस्या का स्थायी समाधान करने की भी मांग की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा