home page

आसनसोल डीएवी स्कूल मैं साढ़े तीन हजार पोलिंग पर्सनल को प्रशिक्षण दिया गया

 | 

आसनसोल, 28 मार्च (हि. स.)। विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर जिले में मतदान कर्मियों के प्रशिक्षण का पहला चरण शुरू हो गया है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम एस. पोन्नम्बलम की देखरेख में प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। यह प्रशिक्षण 27 और 28 मार्च को जिले के दो केंद्रों पर आयोजित किया गया। आसनसोल के डीएवी पब्लिक स्कूल आसनसोल और दुर्गापुर के नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ़ इनफर्मेशन टेक्नोलॉजी (एनआइआइटी) में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। शनिवार को आसनसोल स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल में लगभग साढ़े तीन हजार मतदान कर्मियों को प्रथम चरण का प्रशिक्षण दिया गया।

शुक्रवार को दुर्गापुर के नीट केंद्र में भी इतनी ही संख्या में कर्मियों को प्रशिक्षित किया गया। अब 29 मार्च को डीएवी पब्लिक स्कूल आसनसोल में साढ़े तीन हजार कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा कुल 125 मास्टर ट्रेनरों को तैयार किया गया है, जो मतदान कर्मियों को प्रशिक्षण दे रहे हैं। इस दौरान कर्मियों को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और वाटर वेरीफाइड पेपर ऑडिट ट्रायल (वीवी पैट) के उपयोग की तकनीकी और व्यावहारिक जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण में मतदान की पूरी प्रक्रिया का डेमो दिया गया.मतदान केंद्र की स्थापना, मतदाताओं की पहचान, मॉक पोल, फाइनल पोल, सीलिंग और मतदान के बाद की रिपोर्टिंग तक हर चरण का अभ्यास कराया गया।

नोडल अधिकारियों ने बताया कि प्रशिक्षण के बाद सभी कर्मियों की परीक्षा भी ली जाएगी। इसमें असफल रहने वाले कर्मियों के खिलाफ नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। डीएम एस पोन्नमबलम ने कहा कि यह प्रशिक्षण सिर्फ औपचारिकता नहीं है। बल्कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के सबसे बड़े चुनावी आयोजन की महत्वपूर्ण तैयारी है, ताकि मतदान दिवस पर सभी कर्मी आत्मविश्वास के साथ अपनी जिम्मेदारी निभा सकें। ज़िले में कुल दो हजार 504 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। प्रत्येक बूथ पर कम से कम चार मतदान कर्मी तैनात रहेंगे। 30 प्रतिशत रिज़र्व के साथ करीब 14 हजार कर्मियों की नियुक्ति की गई है। कुछ अतिरिक्त बूथ व्यवस्था की गई है।

जिन केंद्रों पर मतदाताओं की संख्या एक हजार 200 से अधिक है, वहां के लिए 84 सहायक बूथों का प्रस्ताव भेजा गया है। चुनाव को लेकर मतदान कर्मियों का प्रशिक्षण शुरू हो चुका है। पहला चरण रविवार तक पूरा होगा। विशेष बूथ के रुप में 243 पिंक (महिला-संचालित) बूथ बनाए जाएंगे तथा नौ मॉडल बूथ (हर विधानसभा में एक) बनाया जायेगा। दिव्यांग कर्मियों द्वारा संचालित एक विशेष बूथ भी स्थापित होगा।

डीएम ने भरोसा जताया कि प्रशासन चुनाव को सहज, सुरक्षित और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह तैयार है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा