कांग्रेस जिला माइनॉरिटी सेल ने एसआईआर को लेकर डीएम को दिया ज्ञापन
आसनसोल, 09 मार्च (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) मुद्दे को लेकर राजनीतिक हलचल तेज होती जा रही है। इसी कड़ी में सोमवार दोपहर पश्चिम बंगाल माइनॉरिटी कांग्रेस की ओर से पश्चिम बर्दवान जिलाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा गया। कांग्रेस नेताओं ने मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं को लेकर गंभीर आरोप लगाए और इस मामले में तुरंत कार्रवाई की मांग की।
माइनॉरिटी कांग्रेस के जिला कमेटी नेता फिरोज खान ने आरोप लगाया कि कई इलाकों में एसआईआर के नाम पर मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से काट दिए गए हैं, जबकि कई नाम अब भी विचाराधीन स्थिति में हैं। अगर इस तरह की अनियमितताएं जारी रहीं तो लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर गंभीर असर पड़ सकता है। आने वाले 2026 के विधानसभा चुनाव की निष्पक्षता पर भी सवाल खड़े हो सकता हैं।
उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि अगर स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो चुनाव के बहिष्कार जैसे कठोर कदम उठाने पर भी विचार किया जा सकता है।
इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आसनसोल कल्याणपुर हाउसिंग स्थित डीएम कार्यालय के सामने करीब एक घंटे तक विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन से मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा करने और मतदाता सूची में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की। इस दौरान कांग्रेस प्रदेश कमेटी के नेता प्रसनजीत पुईतुंडी सहित माइनॉरिटी कांग्रेस के कई स्थानीय नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। ---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

