पश्चिम बंगाल चुनाव : शिल्पांचल में भाजपा ने बनाई शुरुआती बढ़त
आसनसोल, 04 मई (हि.स.)।
पश्चिम बंगाल में मतगणना शुरू होते ही कई अहम सीटों पर शुरुआती रुझान सामने आ गए हैं। राज्य का शिल्पांचल कहा जाने वाला औद्योगिक क्षेत्र आसनसोल-दुर्गापुर बेल्ट में शुरुआती रुझानों में भाजपा को बढ़त मिलती दिख रही है।
चुनाव आयोग की ओर से प्राप्त जानकारी के अनुसार रानीगंज विधानसभा सीट से भाजपा के पार्थ घोष 3478 वोटों से आगे चल रहे हैं। जामुड़िया में भाजपा के डॉ. बिजन मुखर्जी 3246 वोटों की बढ़त बनाए हुए हैं। आसनसोल दक्षिण सीट पर भाजपा की अग्निमित्रा पॉल 10509 वोटों से आगे हैं, जो अब तक की सबसे बड़ी बढ़त मानी जा रही है।
आसनसोल उत्तर में भाजपा के कृष्णेंदु मुखर्जी 4186 वोटों से आगे चल रहे हैं। बाराबनी सीट पर मुकाबला बेहद कांटे का है, जहां भाजपा के अरिजीत राय महज 79 वोटों से आगे हैं।
दुर्गापुर पश्चिम में भाजपा के लखन घोड़ूई 2260 वोटों से बढ़त बनाए हुए हैं, जबकि दुर्गापुर पूर्व सीट पर भाजपा के चंद्र शेखर बनर्जी 84 वोटों से आगे चल रहे हैं।
पांडवेश्वर विधानसभा सीट से भाजपा के जितेंद्र तिवारी 2042 वोटों से आगे हैं।
फिलहाल ये शुरुआती रुझान हैं और जैसे-जैसे मतगणना आगे बढ़ेगी, तस्वीर और साफ होती जाएगी। सभी की नजरें अब अंतिम परिणामों पर टिकी हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

