जलपाईगुड़ी में आईएमए शाखा पर विवाद, बैठक को लेकर हंगामा
जलपाईगुड़ी, 12 जून (हि. स.)। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) की जलपाईगुड़ी शाखा में आंतरिक विवाद अब खुलकर सामने आ गया है। संगठन के कई सदस्य डॉक्टरों ने शाखा की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए नेतृत्व के खिलाफ नाराजगी जताई है। आरोप है कि बैठक की मांग के बावजूद डॉक्टरों को कार्यालय में प्रवेश तक नहीं करने दिया गया।
सूत्रों के अनुसार, लगभग एक सप्ताह पहले आईएमए के व्हाट्सएप ग्रुप में कुछ सदस्यों द्वारा बैठक बुलाने का अनुरोध किया गया था। शुक्रवार को कई डॉक्टर निर्धारित चर्चा के लिए संगठन के कार्यालय पहुंचे, लेकिन उनका आरोप है कि कार्यालय का दरवाजा ही नहीं खोला गया, जिससे उनमें भारी नाराजगी फैल गई।
डॉक्टरों ने शाखा के सचिव डॉ. सुषांत राय और अध्यक्ष डॉ. निताई मुखर्जी पर मनमानी और असहयोग का आरोप लगाया है। साथ ही उन्होंने राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. शारद्वत मुखर्जी को लिखित शिकायत देने का निर्णय लिया है।
संगठन के सदस्यों का यह भी आरोप है कि बाहरी लोगों को आईएमए की सदस्यता दी गई है। इनमें एक विवादित डॉक्टर का नाम भी शामिल है, जिस पर पहले भी गंभीर आरोप लग चुके है। इस मुद्दे को लेकर भी डॉक्टरों ने कड़ी आपत्ति जताई है।
इस मामले पर सफाई देते हुए शाखा के सचिव डॉ. सुषांत राय ने कहा कि किसी आधिकारिक बैठक की घोषणा नहीं की गई थी। उन्होंने बताया कि नियमों के अनुसार पहले कार्यकारी समिति की बैठक में निर्णय लिया जाता है, उसके बाद ही सामान्य बैठक बुलाई जाती है।
गौरतलब है कि यह विवाद नया नहीं है। इससे पहले भी एक घटना के विरोध में जब डॉक्टर एकजुट हुए थे, तब भी आईएमए कार्यालय बंद पाया गया था और उन्हें सड़क पर ही बैठक करनी पड़ी थी। करीब दो साल बाद एक बार फिर वैसी ही स्थिति सामने आई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

