दामोदर नदी में नहाने के दौरान डूबने से तीन छात्रों की मौत
पश्चिम बर्दवान, 29 जून (हि. स.)। जिले के आसनसोल के कुल्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत डिसरगढ़ में सोमवार को एक हादसे में कक्षा 10 के तीन छात्रों की दामोदर नदी में डूबने से मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है। छात्रों के नाम मोहम्मद नूरुद्दीन (16), तबरेज आलम (16) और मोहम्मद सईफ (१६) है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नियामतपुर स्थित एक निजी अंग्रेजी माध्यम स्कूल के आठ छात्र शनिवार को स्कूल नहीं पहुंचे थे। आरोप है कि इसी कारण सोमवार को उन्हें स्कूल परिसर में प्रवेश नहीं दिया गया। इसके बाद छात्र डिसरगढ़ स्थित नदी किनारे मैदान में समय बिताने और क्रिकेट खेलने के लिए चले गए।
क्रिकेट खेलने के बाद तीन छात्र दामोदर नदी में नहाने के लिए उतरे।
बताया जा रहा है कि नहाने के दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वे गहरे पानी में चले गए, जिससे वे डूब गए।
घटना की सूचना पाकर कुल्टी थाना पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा बचाव अभियान शुरू किया गया। काफी प्रयास के बाद तीनों छात्रों को नदी से बाहर निकालकर आसनसोल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस हृदयविदारक घटना के बाद मृत छात्रों के परिवारों में मातम छा गया है। स्थानीय लोगों में भी गहरा शोक व्याप्त है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

