घर से पति-पत्नी के रक्तरंजित शव बरामद, बेटा फरार; पुलिस जांच में जुटी
दिनहाटा, 11 सितंबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के दिनहाटा के विलेज-1 ग्राम पंचायत इलाके में शुक्रवार सुबह एक दंपति के रक्तरंजित शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान सुकुमार बर्मन और उनकी पत्नी चंपा राय के रूप में हुई है। घटना के बाद से दंपति का बेटा महादेव फरार बताया जा रहा है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह दंपति की मंझली बेटी टुम्पा राय लगातार अपनी मां को फोन कर रही थीं, लेकिन फोन का कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्हें संदेह हुआ और उन्होंने अपने बेटे को नाना-नानी के घर हालचाल जानने के लिए भेजा। घर पहुंचने पर किशोर ने देखा कि मकान का मुख्य गेट खुला हुआ था और कमरे का दरवाजा भी खुला था। अंदर जाकर उसने देखा कि उसके नाना और नानी कमरे के फर्श पर रक्तरंजित पड़े हुए हैं। उसने अपनी मां को घटना की जानकारी दी। सूचना पाकर टुम्पा राय तुरंत अपने मायके पहुंचीं। वहां माता-पिता को इस हालत में देखकर उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे एसडीपीओ प्रशांत देवनाथ और आईसी बुधादित्य राय ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। दोनों शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया।
मृतकों की बेटी टुम्पा राय ने बताया कि उनके पिता अक्सर नशे की हालत में घर लौटते थे, जिसको लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। उन्होंने यह भी बताया कि उनका भाई भी नशे का आदी था और उसे लेकर भी परिवार में विवाद होता रहता था।
घटना के बाद से दंपति का बेटा महादेव लापता है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह गुरुवार को कब घर आया था और कब वहां से निकला।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। साथ ही फरार बेटे की तलाश भी तेज कर दी गई है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

