महिषादल के पूर्व माकपा विधायक दीनबंधु मंडल का निधन, मुख्यमंत्री ने की थी प्रशंसा
कोलकाता, 24 अक्टूबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के महिषादल विधानसभा क्षेत्र के पूर्व माकपा विधायक दीनबंधु मंडल का निधन हो गया। वह 84 वर्ष के थे। हृदय संबंधी बीमारी के कारण वह पिछले कई दिनों से कोलकाता के एक अस्पताल में भर्ती थे। शुक्रवार रात उन्होंने अंतिम सांस ली। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कुछ दिन पहले ही विधानसभा में उनके सादगीपूर्ण जीवन और कार्यशैली की प्रशंसा की थी।
दीनबंधु मंडल ने वर्ष 1978 में जिला परिषद का चुनाव जीता था। इसके बाद वर्ष 1982 में अविभाजित मेदिनीपुर जिले के महिषादल विधानसभा क्षेत्र से माकपा के टिकट पर विधायक निर्वाचित हुए थे। उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार रमणीमोहन मैती को हराया था। इस चुनाव में उन्हें कुल 35 हजार 059 वोट मिले थे। वर्ष 1993 में भी वह जिला परिषद के सदस्य चुने गए थे।
हाल ही में विधानसभा में पूर्व विधायकों की चिकित्सा भत्ता वृद्धि के संबंध में चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने दीनबंधु मंडल का उल्लेख किया था। मुख्यमंत्री ने कहा था कि कई विधायकों ने ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपना कार्यकाल पूरा किया है। दीनबंधु मंडल भी उनमें से एक हैं। वह आज भी साइकिल से आते-जाते हैं, बाजार से सब्जियां खरीदते हैं और आम लोगों के साथ बैठकर चाय पीते हैं।
मुख्यमंत्री ने उनके सादगीपूर्ण जीवन का उल्लेख करते हुए बताया था कि दीनबंधु मंडल आम लोगों के बीच बैठकर बातचीत करते थे। वह पैदल बाजार जाते थे और साइकिल से आवागमन करते थे। उनका जीवन जनप्रतिनिधियों के लिए सादगी और सहजता का उदाहरण रहा है।
राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद सरकार ने पूर्व विधायकों का चिकित्सा भत्ता छह हजार रुपये से बढ़ाकर 10 हजार रुपये कर दिया है। दीनबंधु मंडल ने इस फैसले का स्वागत किया था। उन्होंने कहा था कि यह निस्संदेह अच्छा निर्णय है। भत्ता नहीं बढ़ाया जाता, तब भी काम चल जाता, लेकिन मुख्यमंत्री द्वारा पूर्व विधायकों को सम्मान देना अच्छी बात है।
मुख्यमंत्री द्वारा विधानसभा में अपनी प्रशंसा किए जाने पर दीनबंधु मंडल ने कहा था कि राजनीति में अलग-अलग विचारधाराएं हो सकती हैं, लेकिन आपसी संबंध अच्छे बने रहने चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

