जेल में जगह नहीं बचेगी’, तृणमूल नेताओं को दिलीप घोष की चेतावनी
कोलकाता, 06 जून (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के नेताओं की लगातार हो रही गिरफ्तारियों पर राज्य के मंत्री दिलीप घोष ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार और अन्य मामलों में कार्रवाई अभी शुरू हुई है और आने वाले दिनों में यह और तेज होगी।
शनिवार को बैरकपुर के साहेबबागान स्थित सेंट्रल रिसर्च इंस्टीट्यूट के एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे मंत्री दिलीप घोष ने कहा कि तृणमूल नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ चल रही गिरफ्तारी अभियान आगे और व्यापक रूप लेगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि “जेलों में जगह कम पड़ जाएगी, इसलिए नई जेल बनाने की योजना बनाई जा रही है।”
मंत्री ने हाल के दिनों में राज्य के विभिन्न तालाबों और जलाशयों से हथियार बरामद होने का भी उल्लेख किया। उन्होंने दावा किया कि यदि अभियान जारी रहा तो और भी बड़ी मात्रा में हथियार बरामद हो सकते हैं।
दिलीप घोष ने कहा कि पहले लोग शिकायत दर्ज कराने से डरते थे, लेकिन अब राज्य का माहौल बदल रहा है और आम लोग खुलकर शिकायत कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने बेलडांगा हिंसा मामले की पुरानी फाइलें फिर से खोलने के निर्देश दिए हैं। इस मामले की जांच होगी और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में तृणमूल कांग्रेस के कई नेता, विधायक और पार्षद विभिन्न मामलों में गिरफ्तार हुए हैं। इनमें पूर्व मंत्री सुजीत बॉस का नाम भी शामिल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

