ममता बनर्जी दिल्ली में इंडी गठबंधन को बचाने की कोशिश कर रहीं : दिलीप घोष
कोलकाता, 29 नवंबर (हि. स.)। लोकसभा में महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े विधेयकों को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। इस बीच पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के दिल्ली दौरे पर राज्य के पंचायत मंत्री दिलीप घोष ने तंज कसा है। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी की प्राथमिकता इंडी गठबंधन को बचाए रखना है, जबकि वह खुद राजनीतिक संकट से गुजर रही हैं।
रविवार को राजारहाट स्थित इको पार्क में प्रातः भ्रमण के दौरान पत्रकारों से बातचीत में दिलीप घोष ने कहा कि आज देश की महिलाएं जागरूक और सक्रिय हैं। यदि कोई महिला आरक्षण विधेयक का विरोध करता है तो उसे आगामी चुनाव में इसका परिणाम भुगतना पड़ सकता है। महिलाएं इसका जवाब देंगी।
ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी, पार्टी कार्यालय और बैंक खाते सब चले गए हैं। पार्टी के झंडे, बैनर और चुनाव चिह्न भी नहीं बचे हैं। ऐसे में वह अपना राजनीतिक अस्तित्व बचाने के लिए दिल्ली दौड़ रही हैं। समझ में नहीं आ रहा है कि ममता बनर्जी को अपनी पार्टी से ज्यादा इंडी गठबंधन को बचाने की चिंता क्यों है। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री इस समय गंभीर राजनीतिक संकट से गुजर रही हैं।
महिला आरक्षण विधेयक को लेकर ममता बनर्जी की ओर से उठाए गए सवालों पर भी दिलीप घोष ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जो लोग अब तक देश की परंपरा, संस्कृति और सामाजिक मूल्यों के खिलाफ राजनीति करते रहे हैं, वे आज बदले हुए राजनीतिक माहौल में असहज महसूस कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने में विफल रहने वाली मुख्यमंत्री महिला आरक्षण विधेयक पर सवाल उठा रही हैं।
दिलीप घोष ने आर.जी. कर अस्पताल की घटना का उल्लेख करते हुए ममता बनर्जी पर मामले को दबाने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इस तरह की राजनीति से मुख्यमंत्री अपना बचा हुआ राजनीतिक अस्तित्व भी खो सकती हैं।
वहीं, तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी को लेकर भी दिलीप घोष ने टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि सत्ता जाने के बाद अभिषेक बनर्जी मानसिक रूप से असंतुलित हो गए हैं और वह इस तरह के बयान दे रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

