ऐतिहासिक अंगस शिव मंदिर के जीर्णोद्धार का विधायक दिलीप सिंह ने दिया आश्वासन
हुगली, 4 सितंबर (हि.स.)। हुगली जिले के चांपदनी नगरपालिका क्षेत्र में स्थित ऐतिहासिक अंगस शिव मंदिर के जीर्णोद्धार का आश्वासन विधायक दिलीप सिंह ने दिया है। शुक्रवार शाम जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर कमेटी के आमंत्रण पर विधायक मंदिर पहुंचे और निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं।
विधायक ने मंदिर के जीर्णोद्धार का भरोसा देते हुए कहा कि इस ऐतिहासिक धार्मिक स्थल के विकास के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने मंदिर के समीप स्थित तालाब के किनारे पार्क विकसित कराने, आसपास की सड़कों की ढलाई कराने और बेहतर रोशनी की व्यवस्था करने का आश्वासन दिया। इसके अलावा श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाओं को बढ़ाने की बात भी कही।
बताया जाता है कि अंगस शिव मंदिर का निर्माण प्रसिद्ध समाजसेवी और हुगली जिले में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पहले संघचालक आचार्य केदारनाथ सिंह के प्रयासों से हुआ था। उन्हें जिले में संघ की गतिविधियों की शुरुआत करने वाले प्रमुख लोगों में माना जाता है।
विधायक दिलीप सिंह ने कहा कि मंदिर के विकास के साथ आचार्य केदारनाथ सिंह की स्मृति को भी संजोने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने मंदिर कमेटी और स्थानीय लोगों को आश्वस्त किया कि ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण और विकास के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

