मंत्री दिलीप घोष ने लिया ग्रामीण विकास योजनाओं के क्रियान्वयन जायजा
नदिया, 07 अगस्त (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के पंचायत एवं ग्रामोन्नयन मंत्री दिलीप घोष ने शुक्रवार को नदिया जिले के कृष्णनगर में पंचायत एवं ग्रामोन्नयन विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र लाभार्थियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से पहुंचाया जाए।
समीक्षा बैठक में वीबी जी रामजी परियोजना, पश्चिम बंगाल आवास योजना तथा स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शौचालय निर्माण, ठोस, तरल एवं प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन सहित विभिन्न योजनाओं के वर्तमान क्रियान्वयन, प्रगति और आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। मंत्री ने योजनाओं के प्रभावी कार्यान्वयन पर संतोष व्यक्त करते हुए आवश्यक सुधारों पर भी जोर दिया।
दिलीप घोष ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रत्येक पात्र और जरूरतमंद परिवार को आवास उपलब्ध कराना है। जिन परिवारों के पास अब तक शौचालय नहीं है, वहां शीघ्र शौचालय निर्माण सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही ठोस, तरल एवं प्लास्टिक अपशिष्ट के वैज्ञानिक प्रबंधन के माध्यम से स्वच्छ, स्वस्थ और टिकाऊ ग्रामीण वातावरण विकसित करने की दिशा में कार्य तेज किया जाएगा।
बैठक में जिला मजिस्ट्रेट, जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, निर्माण सहायक, पंचायत विभाग के अधिकारी तथा परियोजनाओं से जुड़े विभिन्न सरकारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए विभागीय समन्वय, नियमित निगरानी और पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

