राजनीति में नेताओं का दल परिवर्तन सामान्य प्रक्रिया : दिलीप घोष
कोलकाता, 13 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री दिलीप घोष ने कहा है कि आज भारतवर्ष की राजनीति में जितने भी बड़े नेताओं को आप देखेंगे, उनमें से अनेक कभी कांग्रेस, समाजवादी दल या अन्य राजनीतिक दलों से जुड़े रहे हैं। उनकी वर्तमान पीढ़ी के अनेक नेता आज भारतीय जनता पार्टी में शामिल होकर सम्मानपूर्वक कार्य कर रहे हैं।
दिलीप घोष ने कहा कि हमारे दल के जमीनी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ सामान्य लोगों को भी यह समझना होगा कि राजनीति में एक दल से दूसरे दल में लोगों का आना-जाना एक स्वाभाविक प्रक्रिया है। किसी भी राजनीतिक दल के संविधान में ऐसा नहीं लिखा है कि दूसरे दल से किसी व्यक्ति को पार्टी में शामिल नहीं किया जा सकता।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने हमेशा विभिन्न राजनीतिक दलों से आने वाले योग्य एवं स्वच्छ छवि के लोगों को कार्य करने का अवसर दिया है। आज वे भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश के विकास एवं जनकल्याण के कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
दिलीप घोष ने कहा कि जो लोग स्वेच्छा से मोदीजी के नेतृत्व में कार्य करने तथा देश के विकास की यात्रा में सहभागी बनने के लिए भाजपा में आए हैं, पार्टी ने उन्हें उनकी योग्यता के अनुसार कार्य करने का अवसर प्रदान किया है।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

