home page

मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर दिलीप घोष ने की पूजा, संगठनात्मक प्रशिक्षण पर दिया जोर

 | 
मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर दिलीप घोष ने की पूजा, संगठनात्मक प्रशिक्षण पर दिया जोर


खड़गपुर, 10 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा नेता दिलीप घोष ने बुधवार सुबह खड़गपुर के मंदिर तालाब (वार्ड-8) क्षेत्र में भगवान महेश्वर की पूजा-अर्चना कर प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की। इस अवसर पर मंदिर परिसर के निकट चाय पर चर्चा का भी आयोजन किया गया, जो देखते ही देखते स्थानीय लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं की सहभागिता से एक छोटी जनसभा में बदल गया।

दिलीप घोष ने क्षेत्रवासियों के साथ संवाद करते हुए केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा की। कार्यक्रम के दौरान वृक्षारोपण अभियान भी चलाया गया, जिसमें कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।

इसके बाद खड़गपुर में भाजपा के जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन हुआ। शिविर में जिले के विभिन्न स्तरों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस अवसर पर दिलीप घोष ने कहा कि भाजपा केवल झंडा उठाने का नाम नहीं है, बल्कि पार्टी की विचारधारा, संगठनात्मक संरचना और राष्ट्र प्रथम की भावना को समझना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि भाजपा का मूल मंत्र “देश पहले, दल बाद में और व्यक्ति सबसे बाद में” है। इसी विचार को लेकर पार्टी आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में बड़ी संख्या में नए लोग भाजपा से जुड़ रहे हैं और भविष्य में भी यह क्रम जारी रहेगा। ऐसे में नए कार्यकर्ताओं तक पार्टी की विचारधारा और संगठनात्मक संस्कृति को सही रूप में पहुंचाने के लिए प्रशिक्षण शिविरों की आवश्यकता है।

दिलीप घोष ने बताया कि वर्तमान में जिला स्तर पर प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाया जा रहा है, जिसे आने वाले दिनों में मंडल और क्षेत्र स्तर तक विस्तारित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन कार्यशालाओं से नए कार्यकर्ताओं को पार्टी की नीतियों की जानकारी मिलेगी, वहीं पुराने कार्यकर्ताओं को भी संगठनात्मक अनुशासन और संरचना को पुनः समझने का अवसर प्राप्त होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता