home page

पश्चिम बंगाल में 50 वर्षों से निष्पक्ष चुनाव नहीं होने का दावा, राहुल गांधी पर दिलीप घोष का तंज

 | 
पश्चिम बंगाल में 50 वर्षों से निष्पक्ष चुनाव नहीं होने का दावा, राहुल गांधी पर दिलीप घोष का तंज


न्यूटाउन, 14 अक्टूबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में पिछले 50 वर्षों से स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव नहीं होने का दावा राज्य के मंत्री दिलीप घोष ने किया। बुधवार सुबह न्यूटाउन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि पहले आम लोगों को मतदान करने की पूरी स्वतंत्रता नहीं मिलती थी। हाल के चुनाव परिणामों पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि निष्पक्ष चुनाव शुरू होते ही राज्य का राजनीतिक समीकरण बदल गया है।

उन्होंने कहा कि पिछले 15 वर्षों से राज्य की सत्ता में रही पार्टी को इस बार तीन प्रतिशत वोट भी नहीं मिले। उन्होंने कहा, “इससे स्पष्ट हो गया है कि वोटों की चोरी कहां हो रही थी।” उनके अनुसार, चुनाव परिणामों से यह बात साफ हो गई है।

दूसरी ओर, मंगलवार को गुजरात के गांधीनगर नगर निगम चुनाव में भाजपा की जीत के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस की चुनावी विफलता और एसआईआर को लेकर राहुल गांधी के आरोपों का जवाब दिया था।

इसी संदर्भ में बुधवार को राहुल गांधी पर तंज कसते हुए दिलीप घोष ने कहा कि राहुल गांधी जीवन भर छात्र ही बने रहेंगे। उनकी बातें सुनाई देंगी, लेकिन उन बातों में कोई हकीकत नहीं होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता