पंचायत योजनाओं की समीक्षा बैठक, दिलीप घोष ने अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश
दुर्गापुर, 13 अगस्त (हि. स.)। पूर्व और पश्चिम बर्धमान जिलों में पंचायत की विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति को लेकर गुरुवार को दुर्गापुर के सृजनी सभागार में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक हुई। बैठक में दोनों जिलों के जिलाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों के साथ पंचायत मंत्री दिलीप घोष ने योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में वीबी-जी रामजी योजना, पश्चिम बंगाल आवास योजना तथा स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण, ठोस एवं तरल अपशिष्ट तथा प्लास्टिक आधारित कचरा प्रबंधन के कार्यों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।
समीक्षा के दौरान कुछ क्षेत्रों में कार्य की गति अपेक्षाकृत धीमी पाए जाने की बात सामने आई। संबंधित अधिकारियों ने जल्द ही कमियों को दूर कर कार्य में तेजी लाने का आश्वासन दिया। अधिकारियों को योजनाओं का लाभ समय पर आम लोगों तक पहुंचाने और विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से पूरा करने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
दिलीप घोष ने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य लोगों की सेवा करना और प्रत्येक सरकारी सेवा तथा विकास योजना को समाज के सभी वर्गों तक पहुंचाना है। इसी उद्देश्य से सभी योजनाओं के कार्यों को अधिक तेज, प्रभावी और जनोन्मुखी बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
बैठक में अधिकारियों को जमीनी स्तर पर योजनाओं की नियमित निगरानी करने तथा जहां कार्य की गति कम है, वहां आवश्यक कदम उठाकर निर्धारित समय में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

