दिलीप घोष की टिप्पणी के विरोध में तृणमूल प्रत्याशी का पाउडर लगाकर प्रदर्शन
खड़गपुर, 01 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के खड़गपुर शहर में भारतीय जनता पार्टी के नेता दिलीप घोष की कथित टिप्पणी को लेकर राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। खड़गपुर सदर विधानसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार प्रदीप सरकार के समर्थकों ने बुधवार शाम गोलबाजार भंडारी चौक पर विरोध प्रदर्शन किया।
आरोप है कि दो दिन पहले खड़गपुर के आयमा क्षेत्र में एक कार्यक्रम के दौरान दिलीप घोष ने बिना नाम लिए प्रदीप सरकार के रंग-रूप को लेकर टिप्पणी की थी। तृणमूल कांग्रेस का दावा है कि उन्होंने कहा कि “प्रदीप सरकार काले हैं, इसलिए खड़गपुर शहर का पानी भी काला है।” तृणमूल ने इस बयान को बर्णविद्वेषी और अपमानजनक बताया है।
इस टिप्पणी के विरोध में बुधवार शाम गोलबाजार भंडारी चौक पर तृणमूल कार्यकर्ताओं ने अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया। प्रदीप सरकार समेत कई कार्यकर्ता चेहरे पर सफेद पाउडर लगाकर विरोध जताने सड़क पर उतरे।
प्रदीप सरकार ने कहा कि भगवान द्वारा दिए गए रंग-रूप को कोई बदल नहीं सकता। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति के रंग को लेकर टिप्पणी करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेता ने उनके रंग को लेकर कटाक्ष किया है, जो निंदनीय है।
उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके कार्यकाल में खड़गपुर में कई विकास कार्य हुए हैं, जिनमें मंदिरतला में इलेक्ट्रिक चुल्ला, सड़क पर प्रकाश व्यवस्था, स्टेडियम, आयमा में श्मशान घाट, आईसीयू अस्पताल, डायलिसिस सेवा और कई पार्कों का निर्माण शामिल है। उन्होंने कहा कि विकास के लिए किसी विशेष रंग की नहीं, बल्कि सही सोच और मानसिकता की जरूरत होती है।
प्रदीप सरकार ने यह भी आरोप लगाया कि पिछले वर्षों में खड़गपुर के विकास के नाम पर लोगों को भ्रमित किया गया है। उन्होंने कहा कि जनता सब देख रही है और समय आने पर इसका जवाब देगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

