एनकाउंटर से लेकर धर्मांतरण तक, विभिन्न मुद्दों पर दिलीप घोष ने दी प्रतिक्रिया
हुगली, 11 नवंबर (हि. स.)। जिले के सिंगुर ग्राम पंचायत समिति के सभागार में आयोजित भाईफोंटा कार्यक्रम में राज्य के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री दिलीप घोष उपस्थित हुए। इस दौरान राज्य में लगातार हो रहे एनकाउंटर के मुद्दे पर दिलीप घोष को कहा कि महिलाओं का सम्मान और सुरक्षा सर्वोपरि है। महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने वालों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी। जो लोग कानून का पालन नहीं करना चाहते, उनके खिलाफ पुलिस नियमानुसार कदम उठाएगी। उन्होंने कहा कि बंगाल में इस तरह की घटना पहली बार हुई है और इस मामले में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है।
पूर्व मेदिनीपुर के पटाशपुर में धर्मांतरण के आरोपों पर घोष ने कहा कि पूरे बंगाल में धर्मांतरण की कोशिशें हो रही हैं। इस संबंध में कई शिकायतें मिली हैं और सामाजिक स्तर पर विरोध भी हो रहा है। उन्होंने कहा कि भारत में इस तरह की गतिविधियां स्वीकार नहीं की जा सकतीं।
पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भाई द्वारा शुभेंदु अधिकारी को प्रणाम किए जाने के सवाल पर घोष ने कहा कि शुभेंदु अधिकारी जिस विधानसभा क्षेत्र के विधायक हैं, वहां मुख्यमंत्री के रूप में उनका जाना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि यदि अब तक विपक्षी खेमे से बाहर रहे लोग सरकार के विकास कार्यों में साथ आते हैं, तो यह अच्छी बात है।
राम मंदिर जाने से इनकार करने वाले कीर्ति आजाद के बयान पर घोष ने कहा कि कौन कहां जाएगा और कौन मक्का जाएगा, यह उसका निजी मामला है। उन्होंने राम मंदिर को देश की आस्था का केंद्र बताते हुए कहा कि करोड़ों लोग वहां दर्शन कर रहे हैं और राम के आदर्शों के साथ भारत आगे बढ़ेगा।
पुलिस के समर्थन में मुख्यमंत्री के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए घोष ने कहा कि पुलिस के व्यवहार और कामकाज में काफी बदलाव आया है। पुलिस चाहे तो बहुत कुछ कर सकती है, लेकिन पहले उसे ऐसा करने की अनुमति नहीं दी जाती थी।
पलता में जहांगीर उर्फ 'पुष्पा' के कथित अवैध मकान में तोड़फोड़ के मामले पर उन्होंने कहा कि अवैध मकान और अवैध संपत्ति सरकार की कार्रवाई के दायरे में आते हैं। कई जगहों पर ऐसी कार्रवाई हो रही है और आगे भी होगी।
विजया दशमी के बाद पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का भाईफोंटा कार्यक्रम रद्द होने के सवाल पर घोष ने कहा कि अब वहां लोग नहीं हैं। उन्होंने कहा कि पहले होने वाला भाईफोंटा मुख्यमंत्री का कार्यक्रम था और वह सत्ता से जुड़ा हुआ था। अब सत्ता में नहीं रहने के कारण वहां कौन जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

