home page

छात्र आंदोलन को लेकर राहुल गांधी के रवैया पर दिलीप घोष ने उठाए सवाल

 | 
छात्र आंदोलन को लेकर राहुल गांधी के रवैया पर दिलीप घोष ने उठाए सवाल


कोलकता, 22 अगस्त (हि.स.)।पश्चिम बंगाल के मंत्री दिलीप घोष ने शनिवार को कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा। दिलीप घोष ने छात्र आंदोलन के प्रति उनके रवैया पर कई सवाल खड़े किए। उन्होंने नई दिल्ली के पुलिस थाने में धरना देकर 20 जुलाई के प्रदर्शन के दौरान एक युवक के घायल होने के मामले में प्राथमिकी दर्ज कराने को लेकर राहुल गांधी पर सवाल उठाए।

घोष ने पूछा कि जब झारखंड में छात्र कथित परीक्षा अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं, तब राहुल गांधी वहां क्यों नहीं जा रहे हैं।

राहुल गांधी ने शुक्रवार को नई दिल्ली के पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस थाने में करीब छह घंटे तक धरना दिया था। पुलिस द्वारा शिकायत दर्ज किए जाने के बाद उन्होंने धरना समाप्त किया।

राहुल गांधी ने 19 वर्षीय साहिल लोचब के मामले को लेकर यह मुद्दा उठाया था। साहिल का आरोप है कि 20 जुलाई के प्रदर्शन के दौरान पुलिस की गोली के छर्रे लगने से वह घायल हुआ और उसकी आंख को भी नुकसान पहुंचा। उसका दावा है कि शिकायत के बावजूद पुलिस प्राथमिकी दर्ज नहीं कर रही थी।

दिलीप घोष ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी वहां नहीं जा रहे हैं, जहां उन्हें जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि झारखंड में छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं और वहां कांग्रेस के समर्थन वाली सरकार है। उन्होंने दावा किया कि अदालत ने सरकार के परीक्षा रद्द करने के फैसले को गलत माना है। घोष ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के पास अब कोई काम नहीं है और वह दिल्ली में केवल फोटो खिंचवाने के लिए बैठे हैं।

झारखंड में झामुमो-कांग्रेस गठबंधन सरकार ने कथित अनियमितताओं के बाद 22 भर्ती परीक्षाओं को रद्द कर दिया था और 23 अन्य परीक्षाओं की जांच के आदेश दिए थे। इसके बाद 26 दिनों से चल रहा छात्रों का आंदोलन समाप्त हुआ था। हालांकि, परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों ने नौकरी जाने की आशंका को लेकर अलग आंदोलन शुरू कर दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता