पुरुलिया में विकास कार्यों की समीक्षा, दिलीप घोष रहे मौजूद
पुरुलिया, 14 अगस्त (हि. स.)। पंचायत एवं ग्रामोन्नयन विभाग से जुड़ी विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति और उनके क्रियान्वयन की स्थिति को लेकर शुक्रवार को पुरुलिया में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में पंचायत एवं ग्रामोन्नयन मंत्री दिलीप घोष ने जिले के विकास कार्यों की समीक्षा की और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की।
सूत्रों के अनुसार, समीक्षा बैठक में पुरुलिया जिले की आर्थिक और सामाजिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए ग्रामीण विकास को गति देने पर विशेष जोर दिया गया। मंत्री दिलीप घोष ने सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी तरह की बाधा नहीं आने देने पर जोर दिया। बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। इस दिशा में प्रभावी योजना और बेहतर समन्वय के माध्यम से स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने की जरूरत बताई गई। इससे काम की तलाश में दूसरे राज्यों में जाने वाले प्रवासी श्रमिकों को अपने जिले में ही रोजगार और आजीविका का अवसर मिल सकेगा।
दिलीप घोष ने पुरुलिया के समग्र विकास के लिए सरकारी योजनाओं को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

