कांग्रेस ने जनता को कुछ नहीं दिया : दिलीप घोष
कोलकाता, 16 सितंबर (हि. स.)। राज्य के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री दिलीप घोष ने बुधवार को एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। न्यूटाउन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने जनता को कुछ नहीं दिया और केवल लूट की है।
दिलीप घोष ने कहा कि यदि जनता को लगता है कि किसी मामले में हद पार हो रही है, तो वह निश्चित रूप से इसका विरोध करेगी। उन्होंने कांग्रेस पर हर मुद्दे में हस्तक्षेप करने का आरोप लगाते हुए ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान विदेशी मेहमानों को परोसे गए भोजन को लेकर उठाए गए सवालों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी से लेकर पी. चिदंबरम तक ने इस मुद्दे पर आपत्ति जताई थी। हालांकि, उनके अनुसार सम्मेलन में भोजन करने वाले विदेशी मेहमानों को इससे कोई परेशानी नहीं हुई और वे भारतीय भोजन की प्रशंसा की। दिलीप घोष ने कहा कि कांग्रेस को अपनी मानसिकता बदलने की जरूरत है।
दो हजार रुपये से अधिक के मर्चेंट लेनदेन पर 0.4 प्रतिशत यूपीआई शुल्क लगाए जाने संबंधी सवाल पर दिलीप घोष ने कहा कि हर सेवा प्रदाता संस्था शुल्क लेती है। उन्होंने कहा कि सरकार की यूपीआई सेवा काफी सुविधाजनक है और व्यवस्था में अनुशासन बनाए रखने तथा राजस्व संग्रह के लिए मामूली शुल्क लगाया जाना चाहिए।
मंत्री ने पश्चिम बंगाल में प्राकृतिक संसाधनों से जुड़े अवैध कारोबार का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्षों से राज्य में कोयला, बालू और लकड़ी जैसे प्राकृतिक संसाधनों की लूट होती रही, जिससे राज्य को राजस्व नहीं मिल पाता था। उनके अनुसार, इस तरह की चोरी और लूट पर रोक लगाने के बाद सरकारी राजस्व में 33 प्रतिशत की वृद्धि हुई है और यह सकारात्मक रुझान आगे भी जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

