home page

गायघाटा एनकाउंटर पर मंत्री दिलीप घोष का बयान, बोले- कानून तोड़ने वालों पर पुलिस कार्रवाई जरूरी

 | 
गायघाटा एनकाउंटर पर मंत्री दिलीप घोष का बयान, बोले- कानून तोड़ने वालों पर पुलिस कार्रवाई जरूरी


सिलीगुड़ी, 28 अक्टूबर (हि. स.)। उत्तर 24 परगना जिलान्तर्गत गायघाटा में किशोरी से दुष्कर्म और हत्या के आरोपित प्रह्लाद दास की पुलिस मुठभेड़ में मौत के बाद राज्य की राजनीति गरमा गई है। राज्य के पंचायत मंत्री दिलीप घोष ने पुलिस कार्रवाई का समर्थन करते हुए कहा कि कानून तोड़ने वालों पर पुलिस कार्रवाई जरूरी है।

पुलिस के अनुसार, सोमवार देर रात 23 वर्षीय आरोपित को घटना का पुनर्निर्माण कराने के लिए ले जाया गया था। इसी दौरान कथित तौर पर उसने पुलिस की बंदूक छीनकर गोली चलाने की कोशिश की। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी गोलीबारी की, जिसमें उसकी मौत हो गई।

बुधवार को सिलीगुड़ी के बागडोगरा हवाईअड्डा पहुंचे राज्य के पंचायत मंत्री दिलीप घोष ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए दक्षिण 24 परगना के बारुईपुर में हुई पिछली पुलिस मुठभेड़ का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और अपराधियों को न्याय के दायरे में लाना पुलिस की जिम्मेदारी है। उनके मुताबिक, राज्य में कानून-व्यवस्था बहाल करने के लिए अपराध के खिलाफ सख्त रुख अपनाना जरूरी है।

मंत्री ने आरोप लगाया कि पिछली सरकार के कार्यकाल में कानून-व्यवस्था कमजोर हुई थी, जिससे अपराधियों में कानून का डर कम हो गया। उन्होंने कहा कि अपराध रोकने के लिए समाज में न्याय और सुधार के साथ-साथ ऐसी सजा का प्रावधान भी जरूरी है, जो दूसरों के लिए उदाहरण बने।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार