चुनाव 26 : चुनावी प्रचार में मछली बाजार पहुंचे दिलीप घोष, तृणमूल प्रत्याशी प्रदीप सरकार भी सक्रिय
खड़गपुर, 06 अप्रैल (हि. स.)। खड़गपुर सदर से भाजपा प्रत्याशी दिलीप घोष ने सोमवार को वार्ड 19 के खरीदा बाजार में जनसंपर्क एवं गृह संपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने बाजार क्षेत्र में लोगों से मुलाकात कर आगामी चुनाव के लिए समर्थन मांगा।
अभियान के दौरान दिलीप घोष खरीदा बाजार और मछली बाजार पहुंचे, जहां उन्होंने दुकानदारों से बातचीत की। बाजार में बड़ी मात्रा में ताजी सब्जियां और विभिन्न प्रकार की मछलियां देख उन्होंने बाजार की व्यवस्था को लेकर भी चर्चा की। इस दौरान उन्होंने बाजार में मौजूद व्यापारियों और स्थानीय लोगों से बातचीत कर क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी ली तथा कुछ ताजी सब्जियां भी खरीदीं।
व्यापारियों से बातचीत के दौरान स्थानीय समस्याओं का भी जिक्र हुआ। खड़गपुर के पुराने बाजारों में से एक खरीदा बाजार में प्रतिदिन हजारों लोग अपने रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुएं और सब्जियां खरीदने पहुंचते हैं। इसके बावजूद बाजार की व्यवस्था के अनुरूप यहां वर्षों से कोई स्थायी विकास कार्य या समुचित मरम्मत नहीं हुई ।
इस पर दिलीप घोष ने कहा कि भाजपा सत्ता में आने पर कथित कटमनी संस्कृति को समाप्त करने तथा बाजार के स्थायी विकास के लिए ठोस कदम उठाएगी।
उधर, तृणमूल कांग्रेस के प्रत्याशी प्रदीप सरकार भी चुनावी प्रचार में सक्रिय हैं। वे भी अपने समर्थकों के साथ विभिन्न वार्डों में पहुंचकर मतदाताओं से सीधे संपर्क साध रहे हैं। उनका कहना है कि खड़गपुर शहर का विकास “खड़गपुर का बेटा” ही कर सकता है।
उनके गृह संपर्क अभियान में भी अच्छी भीड़ देखने को मिल रही है। हालांकि चुनाव परिणाम ही तय करेंगे कि जनता का समर्थन किसे मिलता है। फिलहाल खड़गपुर की राजनीति में तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधी टक्कर दिखाई दे रही है, जबकि कांग्रेस और वाम मोर्चा की पार्टियां वर्तमान में काफी हद तक सीमित नजर आ रही हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

