home page

बंगाल को उत्तर प्रदेश और गुजरात बनाने में क्या दिक्कत है, विरोध करने वाले बांग्लादेश चले जाएं : दिलीप घोष

 | 
बंगाल को उत्तर प्रदेश और गुजरात बनाने में क्या दिक्कत है, विरोध करने वाले बांग्लादेश चले जाएं : दिलीप घोष


On hold...

कोलकाता, 18 नवंबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल को उत्तर प्रदेश और गुजरात की तर्ज पर विकसित करने की बात कहते हुए राज्य के पंचायत मंत्री दिलीप घोष ने विपक्षी आलोचकों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने एनकाउंटर का समर्थन करते हुए कहा कि राज्य में महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। जरूरत पड़ने पर और एनकाउंटर होंगे।

बुधवार को विपक्षी आलोचनाओं का जवाब देते हुए कहा कि बंगाल को उत्तर प्रदेश और गुजरात बनाएंगे। किसी को इससे परेशानी है तो वह बांग्लादेश चला जाए। उसे बिना वीजा के भेज दिया जाएगा।

कोलकाता में पत्रकारों से बातचीत में दिलीप घोष ने बेहद सख्त लहजे में कहा, ''बंगाल को उत्तर प्रदेश और गुजरात बनाएंगे। किसी में हिम्मत है तो रोककर दिखाए।'' उन्होंने कहा कि जिन्हें बंगाल में रहने में परेशानी हो रही है, वे बांग्लादेश चले जाएं। उन्हें बिना वीजा के भेज दिया जाएगा।

राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद पिछले छह महीनों में पांच मुठभेड़ों की घटनाओं को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है। विपक्षी दलों का आरोप है कि इस तरह की घटनाएं जारी रहीं तो लोगों का न्याय व्यवस्था से विश्वास उठ सकता है। विपक्ष की ओर से बंगाल को उत्तर प्रदेश और गुजरात की राह पर ले जाने का आरोप भी लगाये जा रहे हैं।

इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए दिलीप घोष ने कहा कि बंगाल को उत्तर प्रदेश बनाने में आखिर परेशानी क्या है? उन्होंने कहा कि राज्य में महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। हिंदू महिलाओं और बेटियों पर बुरी नजर डालने वालों का भी बीरभूम जैसी कार्रवाई से सामना होगा।

उन्होंने कहा कि पिछले 50 वर्षों से ग्रामीण बंगाल में अपराधियों का दबदबा रहा है। इसके कारण महिलाएं डर के माहौल में बाजार और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर जाने से कतराती हैं। अब ऐसी स्थिति बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

दिलीप घोष के इस बयान की तृणमूल कांग्रेस के विधायक कुणाल घोष ने आलोचना की है। उन्होंने कहा कि मुठभेड़ की घटना अपवाद हो सकती है, लेकिन किसी समाज में राजनीतिक रूप से अपवाद को नियम बनाने की कोशिश खतरनाक है। अपवाद कभी नियम नहीं बन सकता।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता