home page

खड़गपुर में शुरू हुआ दिलीप घोष का गृह संपर्क अभियान

 | 
खड़गपुर में शुरू हुआ दिलीप घोष का गृह संपर्क अभियान


खड़गपुर, 05 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। खड़गपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी दिलीप घोष ने शनिवार को नामांकन दाखिल करने के बाद रविवार सुबह अपने समर्थकों के साथ मंडल एक के वार्ड नंबर 16 में गृह संपर्क अभियान चलाकर मतदाताओं से समर्थन मांगा।

रविवार सुबह गाजे-बाजे और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ दिलीप घोष इलाके में पहुंचे और घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत कर भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की। कई जगहों पर लोगों ने उनका स्वागत किया और आशीर्वाद दिया।

स्थानीय निवासियों ने भी उत्साह के साथ उनका स्वागत किया। वहीं बुजुर्ग मतदाताओं ने कहा कि वे कठिनाई होने के बावजूद मतदान केंद्र तक जाकर मतदान करेंगे और राज्य की सुरक्षा तथा विकास के लिए अपना मत देंगे।

अभियान के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली। ढोल-नगाड़ों और नारों के बीच पूरा इलाका चुनावी माहौल में रंगा नजर आया।

इस मौके पर दिलीप घोष ने कहा कि खड़गपुर की जनता हमेशा से भाजपा के साथ रही है और हर चुनाव में पार्टी को ज़ोरदार समर्थन दिया है। उन्हें विश्वास है कि इस बार भी मतदाता भारी बहुमत से उन्हें विजयी बनाएंगे और भाजपा को मजबूत समर्थन देंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता