home page

साइकिल चलाने से स्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों सुरक्षित : दिलीप घोष

 | 
साइकिल चलाने से स्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों सुरक्षित : दिलीप घोष


कोलकाता, 07 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता दिलीप घोष ने रविवार को ‘संडे ऑन साइकिल’ कार्यक्रम में भाग लेकर लोगों से साइकिल चलाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।

दिलीप घोष ने कहा कि साइकिल संतुलन और अनुशासन का प्रतीक है। इसी उद्देश्य के साथ देशभर में ‘संडे ऑन साइकिल’ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि रविवार तड़के उन्होंने न्यूटाउन स्थित इस्कॉन मंदिर न्यूटाउन से इको पार्क तक आयोजित साइकिल रैली में हिस्सा लिया।

उन्होंने कहा कि स्वच्छ गांव, सुरक्षित जलवायु और स्वस्थ समाज के निर्माण के लक्ष्य के साथ देशभर में इस साइकिल रैली का आयोजन किया गया है। साइकिल न केवल पर्यावरण संरक्षण में सहायक है, बल्कि शरीर को स्वस्थ और फिट रखने का भी प्रभावी माध्यम है।

दिलीप घोष ने लोगों से इस पहल में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि नियमित रूप से साइकिल चलाने से प्रदूषण कम करने के साथ-साथ स्वास्थ्य लाभ भी मिलता है। उन्होंने कहा, “साइकिल चलाइए, स्वस्थ रहिए और पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी निभाइए।”

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता