सत्ता नहीं, इसलिए भाईफोंटा भी नहीं’‘ममता बनर्जी पर दिलीप घोष का तंज
कोलकाता , 11 नवंबर (हि.स.)।
भाईफोंटा के अवसर पर बुधवार को राज्य के पंचायत मंत्री दिलीप घोष ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा कटाक्ष किया। बुधवार सुबह दिलीप घोषा जारहाट स्थित इको पार्क में वॉक के लिए पहुंचे थे, जहां भाईफोंटा समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान उन्होंने भाईफोंटा ग्रहण किया और राज्य में उद्योग एवं रोजगार के मुद्दे पर भी अपनी बात रखी।
कालीघाट स्थित ममता बनर्जी के आवास पर पिछले वर्षों में भाईफोंटा का भव्य आयोजन होता था। इसमें तृणमूल कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता शामिल होकर ममता बनर्जी से भाईफोंटा लेते थे। हालांकि, इस बार वहां आयोजन होगा या नहीं, इसे लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं। इसी मुद्दे पर दिलीप घोष ने ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले लोग सत्ता और पावर का फोंटा लेने जाते थे। आज पावर नहीं है, इसलिए फोंटा भी नहीं है। उन्होंने कहा कि कई ऐसे भाई थे, जो 30-40 वर्षों से उनसे फोंटा लेते आ रहे थे। अब देखना होगा कि वे भाई इस बार वहां जाते हैं या नहीं।
दिलीप घोष ने आगे कहा कि जो लोग ममता बनर्जी से फोंटा लेने पहुंचते थे, वे वास्तव में उनके पास नहीं, बल्कि मुख्यमंत्री के पास जाते थे। अब वह मुख्यमंत्री नहीं हैं, इसलिए भाईफोंटा का माहौल भी बदल गया है। बबी हाकिम और अरूप विश्वास सहित तृणमूल कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता हर साल कालीघाट में ममता बनर्जी के आवास पर आयोजित भाईफोंटा समारोह में शामिल होते थे।
इस पर कटाक्ष करते हुए दिलीप घोष ने कहा कि यह सब सत्ता का फोंटा था। अब न दीदी के पास सत्ता है और न ही वे भाई नजर आ रहे हैं। जो लोग केवल सत्ता का लाभ उठाते हैं, उनके साथ ऐसा ही होता है। उनके अनुसार, सामाजिक रिश्तों में भी राजनीति को शामिल कर दिया गया था, जिसका परिणाम अब सामने आ रहा है।
वहीं, पश्चिम बंगाल में प्रवासी भारतीय सम्मेलन और राज्य में उद्योग की संभावनाओं को लेकर दिलीप घोष ने सकारात्मक टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि उत्तर बंगाल में उद्योग सम्मेलन आयोजित करने पर चर्चा चल रही है, जिसमें प्रवासी भारतीयों के शामिल होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि राज्य में उद्योग स्थापित करने को लेकर केंद्र और राज्य दोनों की इच्छा है। अब तक प्रवासी भारतीय पश्चिम बंगाल को लेकर चिंतित रहते थे, लेकिन अब वे भी यहां आने और निवेश करने में रुचि दिखा रहे हैं। इस तरह के आयोजन बंगाल के विकास और औद्योगिक उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

