home page

कांग्रेस से आ सकते हैं तो तृणमूल से भी आ सकते हैं : दिलीप घोष

 | 
कांग्रेस से आ सकते हैं तो तृणमूल से भी आ सकते हैं : दिलीप घोष


कोलकाता, 27 अक्टूबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में आने वाले नेताओं को पार्टी में शामिल करने को लेकर अलग-अलग मत सामने आ रहे हैं। इसी बीच मंगलवार को भाजपा नेता दिलीप घोष ने इस मुद्दे पर शुभेंदु अधिकारी के रुख का समर्थन करते हुए कहा कि यदि कांग्रेस से लोग भाजपा में आ सकते हैं, तो तृणमूल कांग्रेस से आने वालों को भी स्वीकार किया जा सकता है।

आगामी नगरपालिका चुनावों से पहले राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि तृणमूल कांग्रेस के कई पूर्व पार्षद भाजपा में शामिल हो सकते हैं। ऐसी भी अटकलें हैं कि उन्हें चुनाव में टिकट दिया जा सकता है। हालांकि, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने इस मामले में ‘नो एंट्री’ का रुख अपनाया है। भाजपा सांसद सुकांत मजूमदार ने भी उनके विचारों का समर्थन किया है।

दूसरी ओर, शुभेंदु अधिकारी के करीबी नेताओं का मानना है कि नगरपालिका के संचालन के लिए अनुभवी लोगों की जरूरत होती है। इसलिए नगरपालिका के कामकाज की अच्छी जानकारी रखने वाले लोगों को भाजपा में शामिल कर चुनाव में उम्मीदवार बनाया जा सकता है।

मंगलवार को इस संबंध में सवाल पूछे जाने पर दिलीप घोष ने कहा कि राजनीति में भावनाओं के लिए कोई जगह नहीं है। कांग्रेस से आ सकते हैं तो तृणमूल से भी आ सकते हैं।

हालांकि, दिलीप घोष ने यह भी कहा कि भाजपा में शामिल होने वाले नेता पार्टी की कार्यप्रणाली के साथ तालमेल बैठा पाएंगे या नहीं, यह देखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि जो लोग आ रहे हैं, उन्हें देखना होगा कि वे भाजपा की कार्यप्रणाली के साथ तालमेल बैठा पाएंगे या नहीं। इन सब बातों पर निर्णय लेना पार्टी का काम है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता